तालाब पर कब्जे की कोशिश से भड़के ग्रामीण, डीएम से गुहार

    तालाब पर कब्जे की कोशिश से भड़के ग्रामीण, डीएम से गुहार
– जलनिकासी व्यवस्था पर मंडराया संकट

गुगल से लिया गया चित्र
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के ग्राम मदारीपुर मजरे कांधी में स्थित एक पुराने तालाब पर कथित अवैध कब्जे के प्रयास को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर तालाब को अतिक्रमण से मुक्त कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि तालाब को पाट दिया गया तो पूरे गांव की जल निकासी व्यवस्था चरमरा जाएगी और बरसात के दिनों में गंभीर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है।
गांव निवासी दीपक कुमार पुत्र सुरेश पटेल समेत अन्य ग्रामीणों द्वारा जिलाधिकारी को सौंपे गए शिकायती पत्र में बताया गया है कि ग्राम मदारीपुर में स्थित गाटा संख्या 353, जिसका रकबा 2.2950 हेक्टेयर है, राजस्व अभिलेखों में आबादी के नाम दर्ज है, लेकिन मौके पर वर्षों पुराना तालाब मौजूद है। ग्रामीणों के अनुसार गांव के अधिकांश घरों तथा वर्षा का पानी इसी तालाब में एकत्र होता है, जिससे पूरे क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि गांव निवासी आनन्दपाल पुत्र रामऔतार अपने मकान के सामने स्थित तालाब में मिट्टी डलवाकर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जब भी उसे ऐसा करने से रोका जाता है तो विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और विरोध करने वालों को कथित रूप से धमकियां भी दी जाती हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि तालाब पर कब्जा होने की स्थिति में बरसात के दौरान गांव के कई घरों में पानी भर सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होगा और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उनका कहना है कि यह तालाब गांव की सार्वजनिक संपत्ति होने के साथ-साथ पर्यावरण एवं जल संरक्षण की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, तालाब पर हो रहे कथित अतिक्रमण को तत्काल रुकवाने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। गांव के लोगों का कहना है कि तालाब केवल जल निकासी का माध्यम ही नहीं बल्कि पूरे गांव की प्राकृतिक धरोहर है। ऐसे में इसके संरक्षण के लिए प्रशासन का त्वरित हस्तक्षेप आवश्यक है। अब ग्रामीणों की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं और वे तालाब को अतिक्रमण से बचाने की मांग कर रहे हैं। इस मौके पर दीपक, अंकित पटेल, अजय पटेल, राम प्रकाश, जोगेन्द्र पटेल, राजेश पटेल, उत्कर्ष कुर्मी, आशू पटेल, मझिल पटेल, उमेश पटेल, चन्द्रिका पटेल भी मौजूद रहे।
—————————————- –
   लूट व जानलेवा हमले के तीन दोषियों को दस-दस साल की सजा
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। बारह वर्ष पुराने लूट और जानलेवा हमले के चर्चित मामले में न्यायालय ने तीन अभियुक्तों को दोषी करार देते हुए 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास और कुल 2 लाख 25 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। न्यायालय के इस फैसले को पुलिस की प्रभावी विवेचना और मजबूत पैरवी का परिणाम माना जा रहा है।
ललौली थाने में 18 जनवरी 2014 को तत्कालीन वादी निरीक्षक छविनारायण सिंह की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 18/14 धारा 394, 307 एवं 411 आईपीसी के तहत पंजीकृत किया गया था। मामले में रायबरेली जनपद के थाना सरेनी क्षेत्र के ग्राम गेगासो निवासी मनीष कश्यप, गोलू उर्फ हिमांशु गुप्ता और रंजीत साहू को नामजद किया गया था। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत इस मामले को चिन्हित कर लगातार मॉनिटरिंग की गई। स्थानीय पुलिस, मॉनिटरिंग सेल और अभियोजन पक्ष ने समन्वय स्थापित कर न्यायालय में मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत किए। वैज्ञानिक ढंग से की गई विवेचना, सटीक साक्ष्य संकलन और प्रभावी पैरवी के चलते अभियोजन पक्ष आरोप सिद्ध कराने में सफल रहा। गुरुवार को एएसजे/एफटीसी कोर्ट संख्या-02 ने सुनवाई पूरी करते हुए तीनों अभियुक्तों को धारा 394, 307 और 411 आईपीसी में दोषसिद्ध ठहराया। न्यायालय ने प्रत्येक दोषी को 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाते हुए 75-75 हजार रुपये के अर्थदंड से भी दंडित किया। इस प्रकार तीनों दोषियों पर कुल 2 लाख 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन कन्विक्शन का उद्देश्य गंभीर अपराधों में शामिल अपराधियों को शीघ्र और कठोर सजा दिलाना है। इस मामले में मिली सफलता से न केवल पीड़ित पक्ष को न्याय मिला है, बल्कि अपराधियों में कानून का भय भी बढ़ेगा।
इस महत्वपूर्ण सफलता में मॉनिटरिंग सेल प्रभारी निरीक्षक श्रवण कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अश्विनी वर्मा, कांस्टेबल रोहित राजावत, जितेंद्र सिंह एवं विवेक कुमार की विशेष भूमिका रही। वहीं विवेचक भानुप्रताप सिंह, पैरोकार ऋषि कुमार, कोर्ट मुहर्रिर सुनैना सोनकर तथा एडीजीसी अजय कुमार सिंह ने न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को सजा दिलाने में अहम योगदान दिया।
—————————————- 
हत्या के प्रयास का आरोपी चाकू समेत गिरफ्तार
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना ललौली पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण के लिए जनपदभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को थाना ललौली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे अभियुक्त पिन्टू पुत्र रहिमाल निवासी लदिगवा थाना ललौली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त ललौली थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 156/26, धारा 333/109 बीएनएस में वांछित था। गिरफ्तारी के दौरान उसकी तलाशी लेने पर घटना में प्रयुक्त एक चाकू बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी करते हुए आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को और मजबूत कर दिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेजते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। कार्रवाई में चौकी प्रभारी बहुआ उपनिरीक्षक अम्बरीश कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह, कांस्टेबल दीपक गुप्ता शामिल रहे।
————————————— 
 फैक्ट्रियों के श्रमिकों का फूटा गुस्सा, शोषण के आरोपों पर डीएम से गुहार
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों के साथ कथित शोषण, वेतन असमानता और खराब कार्य परिस्थितियों को लेकर असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से कई औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन ने श्रम व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी को लेकर जिलाधिकारी को एक शिकायत पत्र सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप और प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत में कहा गया है कि जिले की कई फैक्ट्रियों में श्रमिकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। वेतन भुगतान, कार्यस्थल की परिस्थितियों तथा श्रमिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। श्रमिकों का कहना है कि उनकी समस्याओं का लंबे समय से समाधान नहीं किया जा रहा है, जिसके चलते उन्हें प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जनपद के सभी श्रमिक संगठनों, फैक्ट्री प्रबंधन और संबंधित विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में एक खुली बैठक आयोजित की जाए, ताकि श्रमिकों की समस्याओं को सीधे सुना जा सके और उनके समाधान का ठोस रास्ता निकाला जा सके। साथ ही श्रम विभाग द्वारा औद्योगिक इकाइयों का विशेष निरीक्षण कर श्रम कानूनों के अनुपालन की जांच कराई जाए। पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि समय रहते श्रमिकों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है, जिससे औद्योगिक माहौल तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। भविष्य में ऐसे विवादों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए एक स्थायी समन्वय समिति गठित करने की मांग भी उठाई गई है। शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी से श्रमिक हितों की रक्षा, औद्योगिक शांति बनाए रखने तथा श्रमिकों और उद्योग प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए शीघ्र एवं प्रभावी कदम उठाने की अपील की है। यह मामला अब जिले में श्रमिक अधिकारों और औद्योगिक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा का विषय बन गया है।
—————————————- –
  चंद मिनटों में उजड़ गई दो परिवारों की दुनिया
– शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने घरों को बनाया राख का ढेर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के मझगवां गांव में गुरुवार को हुए भीषण अग्निकांड ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और तेज हवाओं के चलते एक घर से दूसरे घर तक फैल गई। आग की चपेट में आने से गांव निवासी काली और शिवकरण के मकान जलकर राख हो गए, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक मकान में अचानक आग भड़क उठी। तेज हवाओं के कारण आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं और देखते ही देखते पड़ोस के मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों से सामान निकालने के लिए दौड़े, लेकिन आग की रफ्तार के सामने उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए। अग्निकांड में घरों में रखा नगदी, अनाज, कपड़े, बर्तन, चारपाई, फर्नीचर तथा अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवारों ने बताया कि उनकी वर्षों की मेहनत और जमापूंजी कुछ ही मिनटों में खाक हो गई। घटना के बाद परिवारों के सामने रहने और खाने तक का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने एकजुट होकर बाल्टियों और पानी के अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दोनों मकान पूरी तरह तबाह हो चुके थे। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और राजस्व विभाग के अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई। गांव के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता, राहत सामग्री और आवासीय मदद उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं राजस्व विभाग द्वारा नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे मझगवां गांव में शोक और चिंता का माहौल है। ग्रामीण पीड़ित परिवारों के समर्थन में आगे आ रहे हैं और प्रशासन से शीघ्र राहत पहुंचाने की मांग कर रहे हैं।
—————————————– 
ननिहाल आए किशोर की गंगा में डूबकर मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गर्मी की छुट्टियां बिताने ननिहाल आए बारह वर्षीय बच्चे की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और खुशियों की जगह मातम पसर गया।
जानकारी के मुताबिक हर्षित यादव पुत्र सुरेंद्र यादव निवासी ग्राम औरेली जनपद कौशांबी गर्मी की छुट्टियों में अपने नाना धनराज पुत्र इंद्रजीत यादव के घर ग्राम पिलाही आया हुआ था। गुरूवार की सुबह करीब पांच बजे वह नाना के साथ राम चंदन घाट पर गंगा स्नान करने गया था। स्नान के दौरान अचानक हर्षित का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। नाना ने तुरंत उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। स्थानीय लोगों और पुलिस की सूचना पर 112 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और हर्षित को तत्काल सीएचसी हुसैनगंज ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उपनिरीक्षक के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। परिजनों ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाते हुए शव परिजनों को सौंप दिया। इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने बच्चों को नदी-तालाब के पास अकेले न जाने देने की अपील की है।
————————————— 
ट्रेन की चपेट में आकर महिला की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के रसूलाबाद स्टेशन के समीप रेलवे लाइन पार करते समय 45 वर्षीय महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बहरामपुर गांव निवासी छंगू की पत्नी लक्ष्मी देवी बुधवार की देर शाम सामान लेने जा रही थी। जब वह स्टेशन के समीप रेलवे लाइन पार करने लगी तभी ट्रेन की चपेट में आ गई। जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
————————————— –
सर्पदंश से बालक की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के ग्राम कमालीपुर में गुरूवार की दोपहर घर में बैठे आठ वर्षीय बालक को जहरीले सर्प ने डस लिया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार कमालीपुर गांव निवासी सुरेन्द्र कुमार का पुत्र विवेक घर के अंदर बैठा था। इसी बीच उसे जहरीले सर्प ने डस लिया। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई तो पहले तो उसे अस्ती झाड़फूक के लिए ले गए। हालत न सुधरने पर घर वाले उसे सदर अस्पताल लाए। जहां चिकित्सक ने बालक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। हादसे के बाद मां निशा का रो-रोकर बुरा हाल है।
————————————- 
ट्रैक्टर ने वृद्धा को कुचला, मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के ग्राम रमवां में बुधवार की देर रात रोड किनारे खड़ी 60 वर्षीय वृद्ध महिला को विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार रमवां गांव निवासी स्व0 मुन्ना की पत्नी पचनी देवी रात लगभग ग्यारह बजे रोड किनारे खड़ी थी। इसी बीच मिट्टी लेकर तेज रफ्तार आ रहे ट्रैक्टर ने वृद्धा को रौंद दिया जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर सहित भाग जाने में सफल रहा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
———————————— –
 जमीनी विवाद में वृद्ध की धारदार हथियार मारकर हत्या
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जाफरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम अंगदपुर में जमीनी विवाद को लेकर बुधवार की देर रात घर के बाहर सो रहे 65 वर्षीय वृद्ध को धारदार हथियार मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार अंगदपुर गांव निवासी स्व0 लक्ष्मण सोनकर का पुत्र तक्कीलाल घर के बाहर सो रहा था। तभी आधा दर्जन लोग आए और धारदार हथियार मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद सभी लोग मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के छोटे भाई रमेश ने बताया कि पिछले 40 वर्षों से जमीन का विवाद चला आ रहा है। जबकि दोनों भाईयों की जमीन थी, लेकिन चचेरा भाई रामलखन उसे हथियाना चाहता था। इसी बात को लेकर कल शाम झगड़ा भी हुआ था और रात में रामलखन ने अपने साथियों बरमबली, शिवमोहन, अंकित, धीरेन्द्र, अंकुश व रामलखन की पत्नी रानी देवी के साथ मिलकर रात लगभग डेढ़ बजे भाई की कुल्हाड़ी व बरछी मारकर हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।
———————————- —
महिला ने लगाई फांसी, भर्ती
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम हसऊपुर में गुरूवार की सुबह घरेलू कलह से तंग आकर 40 वर्षीय महिला ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया जिसे अचेतावस्था में उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां हालत ठीक न होने पर कानपुर के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार हसऊपुर गांव निवासी रामनरेश की पत्नी उर्मिला देवी पिछले कई महीनों से घरेलू कलह के चलते मानसिक तनाव में थी। गुरूवार की सुबह घर के अंदर उसने धन्नी में रस्सी का फंदा डाल फांसी पर लटक गई। तभी परिजनों की नजर उस पर पड़ गई। उसे तत्काल फंदे से छुड़ाकर तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसकी हालत चिंताजनक देखते हुए कानपुर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *