झोलाछाप डाक्टर के गलत आपरेशन से महिला की मौत, रिपोर्ट दर्ज
– महिला के चेस्ट गांठ का हुआ था आपरेशन
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के सौरा में नवल चिकित्सालय में महिला को गलत आपरेशन करने पर इलाज दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप जब महिला की हालत बिगड़ने तो मरीज को घर ले जाने को कहा गया। मामले की पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी हैं।
थाना क्षेत्र के गांव हिम्मत खेडा निवासी सुनील कुमार पुत्र स्व० धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि पत्नी शिवानी (20) के चेस्ट में गाँठ थी जिससे पत्नी को 14 जून की शाम नवल चिकित्सालय सौंरा थाना मलवां में दवा लेने गया था। जहां झोलाछाप डाक्टर नवल ने पत्नी को दवा दिया और ग्लूकोज भी लगाया। आराम मिलने पर बिना जाँच किये डाक्टर ने चेस्ट की गाँठ का आपरेशन कर दिया। पति ने बताया कि उसी रात को घर ले जाने को कहां गया। जब सुबह पत्नी को अस्पताल लेकर पहुंचा तो डाक्टर ने पत्नी को दवा दी और इन्जेक्शन लगाया। कहा कि फतेहपुर ले जाओ। डाक्टर ने पत्नी का इलाज किया तो हालत बिगड़ती गई जिसे शहर के विकास नर्सिग होम लेकर गया। जहां डाक्टर ने बताया कि मरीज की तबियत ज्यादा बीगडी है। यहाँ से कानपुर ले जाओ। परिजन सांई राम चैरिटेबल हास्पिटल ले गए जहां इलाज के दौरान शिवानी की मृत्यु हो गयी। आरोप डा० नवल द्वारा गलत तरीके से इलाज करने से शिवानी की मृत्यु हो गयी। जानकारी स्वास्थ्य महकमें को मंगलवार को हुई तो जांच टीम पहुंची उपरोक्त चिकित्सालय की सील कर मामले की जांच शुरू कर दिया हैं। झोलाछाप डाक्टर केवई मलाका गांव का रहने वाला बताया जा रहा हैं।
—————————————- –

आपरेशन दहन: जब्त 1067 किलो नशीले पदार्थों का विनष्टीकरण
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बड़ी सफलता देते हुए पुलिस ने बुधवार को ऑपरेशन दहन के तहत एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जब्त किए गए 1067.375 किलोग्राम मादक पदार्थों का विधिवत विनष्टीकरण कराया। इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में लिप्त तस्करों और अपराधियों को कड़ा संदेश दिया गया है कि जनपद में मादक पदार्थों के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी थरियाव की उपस्थिति में यह महत्वपूर्ण कार्रवाई संपन्न हुई। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों असोथर, खागा, चांदपुर, सुल्तानपुर घोष, बकेवर, राधानगर, कल्याणपुर, थरियाव, जाफरगंज, गाजीपुर, जहानाबाद, मलवां, हुसैनगंज, किशनपुर, बिंदकी एवं कोतवाली नगर में दर्ज कुल 103 एनडीपीएस अभियोगों से संबंधित जब्त गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों को नष्ट किया गया। पुलिस द्वारा यह विनष्टीकरण मेडिकल पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी कानपुर में सक्षम समिति एवं संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में निर्धारित मानकों और कानूनी प्रक्रिया का पूर्ण अनुपालन करते हुए कराया गया। पूरी कार्रवाई पारदर्शिता और सुरक्षा मानकों के तहत संपन्न की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ उसका अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और अपराध मुक्त समाज के निर्माण के लिए ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी। विनिष्टीकरण कराने वाली टीम में नारकोटिक्स सेल के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार पाठक, उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुमार, महिला कांस्टेबल रीना उपाध्याय शामिल रहीं।
————————————–

विभागीय अपील: फर्जी खाद्य अधिकारियों से रहें सावधान
– पहचान पत्र देखकर ही करें सहयोग
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आम जनता, व्यापारियों एवं खाद्य कारोबारियों को सतर्क करते हुए स्पष्ट किया है कि विभाग के खाद्य संवर्ग के सभी राजकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभागीय पहचान पत्र जारी कर दिए गए हैं। अब विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण तथा खाद्य प्रवर्तन संबंधी कार्रवाई के दौरान अनिवार्य रूप से अपना पहचान पत्र धारण करेंगे।
विभाग ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग का अधिकारी या कर्मचारी बताकर निरीक्षण अथवा अन्य कार्रवाई करता है, लेकिन विभागीय पहचान पत्र नहीं दिखाता है, तो उसे विभाग का अधिकृत अधिकारी न माना जाए और उसे किसी भी प्रकार का सहयोग न किया जाए। खाद्य विभाग ने कहा कि ऐसे संदिग्ध मामलों की जानकारी तत्काल जिलाधिकारी को देने के साथ-साथ विभाग के व्हाट्सएप नंबर 9793429747 एवं ई-मेल पर भी भेजी जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके। विभाग ने व्यापारियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी निरीक्षण या कार्रवाई के दौरान संबंधित अधिकारी का विभागीय पहचान पत्र अवश्य देखें और सत्यापन के बाद ही सहयोग करें। यह व्यवस्था पारदर्शिता बढ़ाने तथा फर्जी अधिकारियों की गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से लागू की गई है।
————————————–

एनसीवीटी परीक्षा के लिए परीक्षकों का पंजीकरण शुरू, आवेदन मांगे
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ने जुलाई में आयोजित होने वाली एनसीवीटी परीक्षाओं के लिए योग्य परीक्षकों (एग्जामिनर) के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रधानाचार्य ने बताया कि जनपद के सभी राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में एनसीवीटी परीक्षा 6 जुलाई से 10 जुलाई तक प्रस्तावित है।
परीक्षा संचालन के लिए बीटेक, बीई, डिप्लोमा, आईटीआई एवं सीटीआई योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों से परीक्षक बनने हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। बीटेक एवं बीई अभ्यर्थियों के लिए एक वर्ष, डिप्लोमा धारकों के लिए दो वर्ष तथा आईटीआई अभ्यर्थियों के लिए तीन वर्ष का कार्यानुभव अनिवार्य रखा गया है। इच्छुक अभ्यर्थी स्किल इंडिया डिजिटल पोर्टल पर एग्जामिनर रजिस्ट्रेशन कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं तथा सहमति पत्र नोडल राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में जमा कर सकते हैं। पंजीकरण संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्य दिवसों में संस्थान से संपर्क कर सकते हैं। प्रधानाचार्य के अनुसार इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स एंड डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग टेक्नीशियन, मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल, सीएनसी, वेल्डर, वायरमैन, इलेक्ट्रीशियन, फिटर, टर्नर, मशीनिस्ट, मैकेनिक मोटर व्हीकल, मैकेनिक आरएसी, कोपा, रेडियोलॉजी, फिजियोथेरेपी, हेल्थ सैनिटरी इंस्पेक्टर, पेंटर जनरल, कॉस्मेटोलॉजी, फैशन डिजाइन टेक्नोलॉजी, प्लम्बर, स्टेनो हिंदी, ड्राफ्ट्समैन सिविल, ड्राफ्ट्समैन मैकेनिकल, डीजल मैकेनिक, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, ट्रैक्टर मैकेनिक तथा अन्य व्यवसायों की परीक्षाओं के लिए परीक्षक नियुक्त किए जाएंगे। उन्होंने योग्य अभ्यर्थियों से समय रहते पंजीकरण कर परीक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
—————————————
खड़े ट्रक से डीसीएम टकराई, चालक की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के अल्लीपुर ओवरब्रिज में बीती रात रोड़ किनारे खड़े ट्रक में पीछे से आ रहा डीसीएम जा घुसा जिसमें 40 वर्षीय चालक की मौके में पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मिर्जापुर जनपद के देहात कोतवाली गांव समोहगरा निवासी शिवनाथ की पुत्र विजयकुमार डीसीएम चालक था। बताते हैं कि रात लगभग तीन बजे खाली डीसीएम लेकर जा रहा था। अल्लीपुर ओवरब्रिज किनारे खड़े ट्रक में पीछे से डीसीएम लेकर घुस गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना का पाकर घटनास्थल पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
———————————— –
यमुना नदी में डूबकर किशोर की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के अर्न्तगत अपनी बुआ के घर आये 12 वर्षीय किशोर बुधवार की सुबह यमुना नदी में नहाते समय डूब गया। परिजन ने बाहर निकाला तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार बांदा जनपद के थाना कमासिन गांव अमलोखर गांव निवासी लालमनी का पुत्र प्रिन्स अपनी बुआ सविता पत्नी अनन्त निवासी गिरधारीपुर थाना किशनपुर आया था। बताया जा रहा है कि आज सुबह लगभग सात बजे वह अपने कुछ साथियों के साथ पास में स्थित यमुना नदी में नहाने चला गया। तभी नहाते समय वह गहरे पानी में चले जाने से डूब गया। साथ में आये बच्चो ने घर जाकर बताया कि जिस पर परिजन मौके पर पहुंचे लगभग दो घन्टे के बाद प्रिन्स का शव बाहर निकाला। तभी सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
————————————-
आम तोड़ने गए अधेड़ की हालत बिगड़ी, मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जाफरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम डिघरूआ में मंगलवार की शाम आम तोड़ने गये 50 वर्षीय अधेड़ की अचानक तबियत बिगड़ गई जिसे उपचार के लिए जहानाबाद सीएचसी ले जा रहे थे। तभी रास्ते में उसकी मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार डिघरूआ गांव निवासी स्व0 जुम्मन का पुत्र रफीक मंगलवार की शाम लगभग पांच बजे गांव में ही आम तोडने गये था। बताते हैं कि जैसे ही वह पेड़ के पास पहुचा अचानक वह अचेत होकर गिर पड़ा परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए जहानाबाद सीएचसी ले जा रहे थे। तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। सूचना पाकर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
———————————— –
इलाज के दौरान घायल युवक की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दरबेशाबाद के समीप दो दिन पूर्व बाइको की हुयी भिडन्त में घायल 18 वर्षीय युवक की मंगलवार की शाम इलाज दौरान मौत हो गई।
बताते चलें कि बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के चूरामन खेडा गांव निवासी बडकू का पुत्र अंकुल कुमार 14 जून को बिन्दकी से घर वापस आ रहा था। तभी दरबेशाबाद के समीप सामने से आ रही बाइक से भिडन्त हो गयी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां हालत गंभीर होने पर कानपुर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे कानपुर में निजी अस्पताल में भर्ती कर इलाज करा रहे थे। तभी घायल मंगलवार की शाम दम तोड़ दिया। घर वाले शव लेकर घर आये और पुलिस को सूचना दे दिया जिस पर पुलिस मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
———————————— —
जेसीबी की चपेट में आकर युवक की मौत
– भाई ने जेसीबी से कुचल कर हत्या करने का लगाया आरोप
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के ग्राम कुसियापुर के समीप मंगलवार की रात जेसीबी की चपेट में आ जाने से 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई वहीं मृतक के परिजनों ने चार लोगों पर जेसीबी से कुचलकर मार डालने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के सरकण्डी गांव निवासी अवधेश तिवारी का पुत्र अतुल तिवारी बीती रात कुसियापुर के समीप जेसीबी की चपेट में आ गया जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। सूचना पाकर मौके में पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के बड़े भाई राहुल तिवारी ने बताया कि गांव का ही धनंजय सिंह पुत्र दलजीत सिंह उर्फ बउवा की गाड़ी कई सालों से चला रहा था। इसी बीच धनंजय के ऊपर लगभग तीन से साढे तीन लाख रूपया हो गया। कई बार मांगा लेकिन हमेशा धनंजय कोई न कोई बहाना बना देता था। धनंजय व मृतक के बीच पैसे को लेकर कहा सुनी हुई। भाई का आरोप है कि रात लगभग 3 बजे उसके भाई को बुलाया और अतुल अभिषेक व जेसीबी चालक ननकू के जरिये जेसीबी से उसके भाई की हत्या कर दी गयी। मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि जब वह थाने पहुंचा तो पुलिस अपने मनमुताबिक तहरीर लिखवा रही थी। उसने पुलिस पर आरोपी को छोड़ने का आरोप लगाया।
————————————– –
वाहन की टक्कर से बाइक सवार घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मनपुर के समीप बुधवार की सुबह चार पहिया वाहन की चपेट में आकर 35 वर्षीय बाइक सवार घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार गाजीपुर थाना क्षेत्र के सामियाना गांव निवासी दशरथ का पुत्र महेन्द्र बुधवार की सुबह बाइक से शहर किसी काम से आ रहा था। जब वह लक्ष्मनपुर के पास पहुंचा तभी पीछे से आ रही चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। सूचना पाकर मौके में पहुंची सरकारी एम्बुलेंस ने घायल को उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
