सीएम की जनसभा में जा रहे हेड कांस्टेबल की सड़क हादसे में मौत
– हसवा के समीप हुआ हादसा, मौके पर ही तोड़ा दम
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा में वीआईपी ड्यूटी के लिए थाना धाता से फतेहपुर आ रहे हेड कांस्टेबल की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। शनिवार सुबह करीब सात बजे हसवा के पास हुए हादसे में हेड कांस्टेबल रामप्रवेश यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार हेड कांस्टेबल रामप्रवेश यादव थाना धाता में तैनात थे। मुख्यमंत्री की जनसभा को लेकर उनकी फतेहपुर में वीआईपी ड्यूटी लगाई गई थी। शनिवार सुबह वह ड्यूटी के लिए धाता थाने से फतेहपुर आ रहे थे। इसी दौरान हसवा के पास उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि हेड कांस्टेबल रामप्रवेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक हेड कांस्टेबल रामप्रवेश यादव का गृह जनपद प्रयागराज बताया जा रहा है। मुख्यमंत्री की जनसभा में ड्यूटी के लिए जाते समय हुई इस दर्दनाक घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। थानेदार अभिलाष तिवारी ने बताया कि सूचना पर टीम भेजी गई है।

मुख्य आरक्षी स्वर्गीय रामप्रवेश का सड़क दुर्घटना में दुःखद निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को पुलिस लाइन फतेहपुर लाया गया, जहाँ पुलिस अधीक्षक फतेहपुर श्री अभिमन्यु मांगलिक द्वारा पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक तथा पुलिस लाइन एवं जनपद के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत मुख्य आरक्षी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

