राम मंदिर चढ़ावा घोटाले पर कांग्रेस का हल्लाबोल

राम मंदिर चढ़ावा घोटाले पर कांग्रेस का हल्लाबोल
– करोड़ों की कथित चोरी पर एफआईआर तक नहीं
– प्रदर्शन कर राज्यपाल को भेजा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
फोटो परिचय-  कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन के बाद एसडीएम को ज्ञापन सौंपते कांग्रेसी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी एवं दान घोटाले के मामले को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा और मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।


कांग्रेस नेताओं का कहना था कि करोड़ों रुपये के कथित दान घोटाले की चर्चाएं होने के बावजूद अब तक प्राथमिकी दर्ज न होना कई सवाल खड़े करता है। ज्ञापन में मांग की गई कि सबसे पहले मामले में एफआईआर दर्ज कराई जाए, इसके बाद स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। ज्ञापन सौंपने के बाद जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि देश की आस्था के सबसे बड़े केंद्रों में शामिल राम मंदिर से जुड़े गंभीर मामले में अब तक कोई कानूनी कार्रवाई न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले को दबाने का प्रयास कर रही है, जिससे जनता के बीच संदेह की स्थिति पैदा हो रही है। वहीं शहर अध्यक्ष मो. आरिफ गुड्डा ने कहा कि किसी भी धर्मस्थल के चढ़ावे में गड़बड़ी करना महापाप है और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ नेता शेख एजाज अहमद, कलीम उल्ला सिद्दीकी, शोभा दुबे, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष हेमलता पटेल, शकीला बानो, पप्पी राजपूत, देवी प्रकाश दुबे, सैयद शहाब अली समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *