अवैध खनन पर कार्रवाई, जेसीबी समेत दो डंपर पकड़े, लाखों का जुर्माना
अवैध खनन पर कार्रवाई, जेसीबी समेत दो डंपर पकड़े, लाखों का जुर्माना
ओवरलोड ट्रकों पर प्रशासन शिकंजा, 15 वाहन सीज
– अवैध खनन पर कार्रवाई, जेसीबी समेत दो डंपर पकड़े, लाखों का जुर्माना एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद में अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर खनिज एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर 15 ओवरलोड ट्रकों को सीज कर दिया, जबकि नियमों के उल्लंघन पर लाखों रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं और ओवरलोड वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया है।
विशेष अभियान के तहत विभिन्न प्रमुख मार्गों और चेकिंग प्वाइंट्स पर वाहनों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे ट्रक पकड़े गए जो निर्धारित क्षमता से अधिक माल लेकर सड़कों पर दौड़ रहे थे। अधिकारियों ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 15 ओवरलोड ट्रकों को सीज कर दिया। कार्रवाई की भनक लगते ही कई वाहन चालक अपने ट्रकों को बचाने के लिए रास्ता बदलते और कुछ चालक वाहनों को लेकर उल्टी दिशा में भागते नजर आए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मलवां थाना क्षेत्र के चक्की गांव में अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर खनिज विभाग की टीम ने छापेमारी की। जांच के दौरान बिना किसी वैध अनुमति के मिट्टी खनन होता पाया गया। टीम ने मौके से एक जेसीबी मशीन और दो डंपरों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। अधिकारियों ने संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। खनन अधिकारी सोमेंद्र तिवारी ने बताया कि जनपद में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी व्यक्ति को अवैध खनन या ओवरलोडिंग के माध्यम से कानून की अवहेलना करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।