अयोध्या जाने से पहले कांग्रेसियों को घरों में रोका, भड़की कांग्रेस

  अयोध्या जाने से पहले कांग्रेसियों को घरों में रोका

– हाउस अरेस्ट पर, भड़की कांग्रेस
फोटो परिचय-  कांग्रेसी नेता कलीम उल्ला को हाउस अरेस्ट किए पुलिस।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर मंगलवार को प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को उनके घरों पर ही रोक दिया। कांग्रेस का आरोप है कि देर रात से ही पुलिस बल तैनात कर नेताओं को हाउस अरेस्ट कर दिया गया, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने प्रशासनिक कार्रवाई की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष से भयभीत होकर प्रशासन का सहारा ले रही है और भगवान राम के दर्शन तक करने से रोक रही है। उनके अनुसार यह घटना सरकार की मानसिकता को उजागर करती है। वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने इस कार्रवाई को लोकतंत्र पर सीधा प्रहार बताते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को अयोध्या जाने से रोका जा सकता है, लेकिन सत्य को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भगवान राम के नाम पर राजनीति करने वालों को जनता सबक सिखाएगी। कांग्रेस के अनुसार जिन नेताओं को घरों पर रोका गया उनमें वरिष्ठ नेता सुधाकर अवस्थी, पार्टी प्रवक्ता इंजीनियर देवी प्रकाश दुबे, सैयद शहाब अली, निजामुद्दीन, असलम फजलुर्रहमान, खागा से कलीम उल्ला सिद्दीकी तथा भदवा से प्रभात शुक्ला सहित कई अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। कांग्रेस ने प्रशासन की इस कार्रवाई को अलोकतांत्रिक बताते हुए विरोध दर्ज कराया है। वहीं प्रशासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *