नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 प्रवेश के लिए आवेदन शुरू

 नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 प्रवेश के लिए आवेदन शुरू
– 31 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय समिति ने शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय सरकंडी बिंदकी में कक्षा-6 में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए यह सुनहरा अवसर है। इच्छुक अभिभावक 31 जुलाई तक निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जवाहर नवोदय विद्यालय की प्राचार्या नीता उपाध्याय ने बताया कि कक्षा-6 में प्रवेश के लिए कुल 80 सीटों पर चयन किया जाएगा। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर निःशुल्क आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर को किया जाएगा। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश के लिए पात्रता भी निर्धारित की गई है। जिसमें अभ्यर्थी शैक्षिक सत्र 2026-27 में किसी सरकारी या सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा-5 का नियमित छात्र होना चाहिए। छात्र उसी जनपद का निवासी होना चाहिए, जहां स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन कर रहा है। अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 (दोनों तिथियां शामिल) के बीच होनी चाहिए। यह नियम सभी वर्गों, एससी और एसटी अभ्यर्थियों पर समान रूप से लागू होगा। प्राचार्या ने अभिभावकों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन पूरा कर लें, ताकि तकनीकी समस्याओं से बचा जा सके। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जवाहर नवोदय विद्यालय, सरकंडी बिंदकी से संपर्क कर सकते हैं या नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट पर विस्तृत दिशा-निर्देश देख सकते हैं।
—————————————- 

विवेकानंद यूथ अवॉर्ड के लिए 14 तक करें आवेदन
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। राष्ट्रीय विकास और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत विवेकानंद यूथ अवॉर्ड की व्यक्तिगत श्रेणी के लिए जिले से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक युवा 14 जुलाई तक जिला युवा कल्याण कार्यालय में अपना प्रस्ताव जमा कर सकते हैं।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी शशि भूषण शर्मा ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार ऐसे युवा, जिन्होंने पिछले तीन वर्षों में राष्ट्रीय विकास एवं सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया हो, इस पुरस्कार के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे। आवेदक की आयु 31 मार्च 2026 तक 15 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि आवेदन का निर्धारित प्रारूप जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी कार्यालय कक्ष संख्या-12 से प्राप्त किया जा सकता है। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए युवा कल्याण विभाग के मोबाइल नंबर 9794781805 पर संपर्क किया जा सकता है।
————————————- 

  दिव्यांगजनों की समस्याएं सुनने आएगी मोबाइल कोर्ट
– 13 जुलाई को विकास भवन में होगा आयोजन
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से दिव्यांगजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 13 जुलाई को विकास भवन सभागार में मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया जाएगा। राज्य आयुक्त, दिव्यांगजन उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश पर आयोजित इस विशेष अदालत का उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा उनकी शिकायतों का स्थानीय स्तर पर निस्तारण कराना है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने बताया कि दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 की भावना के अनुरूप सुदूरवर्ती एवं पिछड़े क्षेत्रों में रहने वाले दिव्यांगजनों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने, समाज में उनके साथ होने वाले भेदभाव को समाप्त करने तथा उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए यह पहल की जा रही है। मोबाइल कोर्ट में समाज कल्याण, शिक्षा, ग्राम विकास, ग्रामीण विकास अभिकरण, परिवहन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, लोक निर्माण, रेलवे, पुलिस प्रशासन, पंचायतीराज, श्रम, खाद्य एवं रसद, नगर विकास, राजस्व, बिजली विभाग तथा विभिन्न बैंकों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने जनपद के सभी दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे 13 जुलाई को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विकास भवन सभागार में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज कराएं, ताकि उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान कराया जा सके।
————————————– 


पत्नी के मायके जाने से क्षुब्ध युवक ने लगाई फांसी
– रात में जंगल में नीम के पेड़ से लटका मिला शव
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के खनसेनपुर मजरे परसेटा गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार खनसेनपुर मजरे परसेटा गांव निवासी 40 वर्षीय अभिमन्यु पुत्र जागेश्वर पासवान का पत्नी ममता से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद पत्नी अपने मायके चली गई थी। इससे आहत अभिमन्यु ने मंगलवार देर रात करीब एक बजे गांव के बाहर जंगल में जाकर नीम के पेड़ पर रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने पेड़ से शव लटकता देखा तो इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गाजीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया गया कि मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
————————————— 


  नहर में डूबने से युवक की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर बडवा गांव में शौच के लिए गया युवक नहर में डूब गया। युवक के डूबने की खबर सुन परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
अकबरपुर बडवा गांव निवासी छोटेलाल का 25 वर्षीय पुत्र राजकुमार बुधवार की दोपहर घर से शौचक्रिया के लिए खेतों की तरफ गया था। काफी देर तक जब युवक घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने युवक की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के दौरान ग्रामीणों के जरिए परिजनों को युवक के नहर में डूबने की सूचना मिली। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। थोड़ी देर बाद नहर में युवक की तलाश शुरू की गई। काफी देर प्रयास के बाद युवक को नहर से खोज कर बाहर निकाला गया। लेकिन जब तक ग्रामीण युवक को बाहर निकालते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवक की मौत की खबर सुन परिजनों में कोहराम मच गया। थोड़ी देर बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने बताया कि राजकुमार पांच भाइयों में सबसे छोटा भाई था। परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताया हैं।
—————————————- 


नलकूप में सोने गए अधेड़ का मिला शव
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। चांदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोदहा में अपने नलकूप में सोने गये 57 वर्षीय अधेड़ का गुरूवार की सुबह मृत अवस्था में मिला। परिजनों के अनुसार आकाशीय बिजली गिरने से मौत हुयी है।
जानकारी के अनुसार गोदहा गांव निवासी स्व0 रामखेलावन का पुत्र विमलकान्त रोज की भांति अपने नलकूप में सोने गया था। सुबह जब वह घर नहीं आया तो परिजनों ने जाकर देखा तो नलकूप में मृत अवस्था में पड़ा था। सूचना पाकर मौके में पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन ग्रह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक भतीजा गुलशन के अनुसार उसके चाचा नलकूप में सोने गये गये थे। तभी अर्द्धरात्रि बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से मौत हुयी है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिर्पाेट के बाद ही मौत का सही कारण ज्ञात हो सकेगा।
————————————– 


 सड़क हादसे में साले-बहनोई घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के एनएच 2 मंे गुरूवार की दोपहर आगे जा रही चार पहिया अचानक ब्रेक लगा देने पर पीछे से आ रहे बाइक सवार जीजा साले जा घुसे जिससे दोनो घायल हो गये।
जानकारी के अनुसार खागा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बुधईया का पुरवा मजरे बहलोलपुर गांव निवासी ज्ञान सिंह 22 वर्षीय पुत्र सोनू अपने जीजा नरेन्द्र सिंह 35 निवासी सुल्तानपुर घोष क्षेत्र ग्राम मतईयापुर दोनो बाइक से शहर की ओर आ रहे थे। जैसे ही यह लोग थाना क्षेत्र के अर्न्तगत एनएच 2 में पहुंचे तभी आगे जा रही चार पहिया वाहन चालक द्वारा अचानक ब्रेक मार देने पर पीछे से आ रही बाइक अनियंत्रित होकर चार पहिया वाहन में जा घुसी जिससे साले बहनोई घायल हो गये। सूचना पाकर मौके में पहुंची सरकारी एम्बुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *