हुसैनगंज सपा विधायक के गांव में राह चलना दुश्वार, खुदाई बनी मुसीबत
हुसैनगंज सपा विधायक के गांव में राह चलना दुश्वार, खुदाई बनी मुसीबत
हुसैनगंज सपा विधायक के गांव में राह चलना दुश्वार – जल जीवन मिशन की खुदाई बनी मुसीबत
फोटो परिचय- सपा विधायक के गांव की बदहाल सड़क का दृश्य। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर जल योजना के तहत गांव-गांव पानी पहुंचाने का दावा भले ही जोर-शोर से किया जा रहा हो, लेकिन धरातल पर जिम्मेदारों की लापरवाही ग्रामीणों के लिए मुसीबत बनती नजर आ रही है। हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र के वर्तमान सपा विधायक के गांव सुल्तानपुर घोष में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए करीब एक वर्ष पहले खोदी गई सीसी सड़कें आज भी बदहाल पड़ी हैं। पाइपलाइन का काम पूरा होने के बावजूद सड़कों की मरम्मत न होने से ग्रामीणों का राह चलना मुश्किल हो गया है।
बताते चलें कि खागा तहसील क्षेत्र के ऐरायां विकास खंड अंतर्गत सुल्तानपुर घोष गांव में जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी से घरों तक पाइपलाइन पहुंचाने के लिए गांव की बनी-बनाई सीसी सड़कों को जगह-जगह खोद दिया गया था। ग्रामीणों के मुताबिक पाइपलाइन बिछाने का काम काफी पहले पूरा हो चुका है, लेकिन खुदाई के बाद सड़कों की मरम्मत कराने की जहमत संबंधित कार्यदायी संस्था या ठेकेदार ने नहीं उठाई। नतीजा यह है कि करीब एक साल से गांव की सड़कें गड्ढों और उखड़ी हुई मिट्टी के बीच तब्दील हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे और छात्र-छात्राएं स्कूल व कॉलेज जाने के लिए इन्हीं रास्तों से गुजरते हैं। बारिश के बाद खुदाई वाले स्थानों पर पानी और कीचड़ भर जाने से रास्ता और अधिक खतरनाक हो जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पानी की टंकी का निर्माण भी करीब एक वर्ष पहले पूरा हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद अभी तक घरों तक नियमित रूप से पानी नहीं पहुंच सका है। ऐसे में ग्रामीणों के सामने एक तरफ टूटी सड़क की परेशानी और दूसरी तरफ पानी की समस्या बनी हुई है। मामले को लेकर संबंधित विभाग के एई सहित अन्य उच्च अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक किसी भी संबंधित अधिकारी ने फोन रिसीव नहीं किया। इससे जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।