स्वास्थ्य केंद्र पर लटका ताला, दर-दर भटक रहे ग्रामीण ,सेवाएं ठप

  स्वास्थ्य केंद्र पर लटका ताला, दर-दर भटक रहे ग्रामीण
मौसमी बीमारियों के बीच स्वास्थ्य सेवाएं ठप
शिकायतों के बाद भी नहीं जागा विभाग; आंदोलन की चेतावनी
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा (फतेहपुर)। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लाख दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट नजर आ रही है। विजयीपुर विकासखंड के पहाड़पुर गांव स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र लंबे समय से बंद पड़ा है। केंद्र के मुख्य द्वार पर ताला लटकने से ग्रामीणों को मामूली इलाज और प्राथमिक उपचार के लिए भी इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। इससे लोगों में स्वास्थ्य विभाग के प्रति गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़पुर उप स्वास्थ्य केंद्र आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए प्राथमिक उपचार का प्रमुख केंद्र है। इन दिनों मौसम में बदलाव के चलते सर्दी, खांसी, बुखार समेत अन्य मौसमी बीमारियों के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे समय में जब लोग दवा और उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचते हैं तो वहां ताला लटका मिलता है। मजबूरन मरीजों को कई किलोमीटर दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल अथवा निजी क्लीनिकों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। ग्रामीण महेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार और नरेंद्र ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती कागजों पर जरूर है, लेकिन वास्तविकता में महीनों से कोई नियमित रूप से नहीं पहुंच रहा है। आपात स्थिति या गर्भवती महिलाओं के प्रसव के समय ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उप स्वास्थ्य केंद्र पर नियमित रूप से डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित नहीं की गई तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। विजयीपुर स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी ब्रजेश पांडेय ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत मिली है। जल्द ही स्टाफ भेजकर स्वास्थ्य सेवाएं नियमित कराई जाएंगी।
————————————– 
शहर में खुलेआम सज रही जुए की फड़
कई ठिकानों पर देर शाम तक चलता हार-जीत का खेल
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। शहर में अवैध जुए का कारोबार एक बार फिर तेजी से फल-फूल रहा है। शहर के कई इलाकों में रोजाना दोपहर बाद जुए की फड़ सजने लगती है, जहां देर शाम तक हजारों रुपये के दांव लगाए जाते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गढ़ीवा के जंगल, रियाज कॉलोनी और भंगियाना तालाब के आसपास सहित कई स्थानों पर रोज ठिकाना बदलकर जुआ खिलाया जा रहा है, जिससे पुलिस की निगरानी से बचा जा सके। सूत्रों के अनुसार, इस अवैध कारोबार के संचालन में कसौड़े क्षेत्र के दो युवक और रियाज कॉलोनी का एक युवक सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। बताया जाता है कि ये लोग हर दिन अलग-अलग स्थानों पर फड़ लगवाते हैं और बड़ी संख्या में जुआरियों को इकट्ठा कर हार-जीत का खेल चलवाते हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खुलेआम चल रहे जुए के कारण कई परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। लोग अपनी मेहनत की कमाई दांव पर लगाकर बर्बादी की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे पारिवारिक विवाद और सामाजिक समस्याएं भी बढ़ रही हैं। लोगों का यह भी आरोप है कि लगातार जुआ संचालित होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई न होने से संचालकों के हौसले बुलंद हैं। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि अवैध जुआ संचालित करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि इस गैरकानूनी गतिविधि पर रोक लग सके और शहर का माहौल खराब होने से बचाया जा सके।
————————————– 
किशोर समेत दो को सर्प ने डसा
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अर्न्तगत किशोर सहित दो को जहरीले सर्प डस लिया। जिन्हे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार बिन्दकी थाना क्षेत्र के गांव डीघ निवासी रहमत का 14 वर्षीय यह पुत्र सहील परिजनों का काम में हाथ बटाने के लिए खेत गया था। तभी जहरीले सांप ने सहील को काट लिया। सांप के काटने से सहमें किशोर ने यह बात अपने परिजनों को नहीं बताई। कुछ समय बाद किशोर की हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों के पूछने पर सांप काट लेने की बात बताई। परिजन आनन फानन किशोर को लेकर अस्पताल आए। इसी प्रकार गाजीपुर थाना क्षेत्र के शाह गांव निवासी मजीद का 50 वर्षीय पुत्र मुराद खान शनिवार की सुबह खेत में काम रहे परिजनों को खाना देने जा रहा था। इसी दौरान जहरीले सर्प ने उसे डस लिया। उधर सूचना पर सरकारी एम्बुलेंस ने दोनो उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
————————————— 
दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत, एक घायल
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के प्रेमनगर में मार्ग दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है। बताते चलें कि बीती 9 जुलाई को लगभग 8ः30 बजे प्रेमनगर कस्बा की तरफ़ से बंशीपुर मजरे देवारा जा रहा बाइक सवार महेश कुमार पुत्र रामऔतार उम्र लगभग 35 वर्ष से पैदल जा रहे उमरपुर गौती काजीपुर गांव के रामसिंह पुत्र रामभरोसे उम्र लगभग 35 वर्ष को अचानक कस्बा के मंडवा रोड में जोरदार टक्कर लग गई थी। दोनों घायलों का इलाज फतेहपुर में चल रहा था। उपचार के दौरान शनिवार को चालक महेश कुमार बंशीपुर की मौत हो गई, जबकि राम सिंह अभी भी अस्पताल में जिंदगी मौत की सांसें गिन रहा है। मृतक की पत्नी कमलेश देवी ने बताया कि मृतक के दो बच्चे हैं। राज 7 वर्ष एंव आर्यन 5 वर्ष हैं। परिवार सहित अन्य लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है।
————————————— 
हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग की मौत, एक घायल
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। कानपुर-बांदा सागर मार्ग में थाना क्षेत्र के शहजादीपुर नहर पुल के बिलोना मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दिया। हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि चालक गंभीर घायल हो गया। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार बिन्दकी थाना क्षेत्र के ग्राम खुरमाबाद निवासी सुशील दीक्षित (60) गांव के ही नाहर सिंह के साथ बाइक से जा रहे थे तभी नहर पुल के पास अज्ञात वाहन बाइक में टक्कर मार दिया। गंभीर सुशील की मौत हो गई। जबकि घायल नाहर सिंह का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक के चार पुत्री और एक बेटा है। पुत्र नैवी में विशाखापट्टनम में तैनात हैं। बाइक चालक नाहर सिंह गंभीर रूप से घायल है। बताया जाता बाइक सवार अपने गांव से जोनिहां जा रहे थे। गंभीर घायल को कानपुर के हैलट अस्पताल को रिफर कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *