खाद-बीज, सिंचाई, बिजली व महिलाओं की सुरक्षा समेत जनहित के मुद्दों पर कार्रवाई की मांग

 अपना दल कमेरावादी ने मांगों को लेकर राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
खाद-बीज, सिंचाई, बिजली व महिलाओं की सुरक्षा समेत जनहित के मुद्दों पर कार्रवाई की मांग
फोटो परिचय-  कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते अपना दल कमेरावादी के पदाधिकारी।
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। किसानों और आम जनता की समस्याओं को लेकर अपना दल कमेरावादी ने मंगलवार को सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत आयोजित प्रदर्शन में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष विद्या प्रसाद पटेल की अगुवई में जोरदार नारेबाजी करते हुए छह सूत्रीय मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
पार्टी ने ज्ञापन में किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद एवं उर्वरकों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने, खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई करने तथा पेट्रोल-डीजल में इथेनॉल मिश्रण से उत्पन्न समस्याओं को देखते हुए मिलावट पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की। इसके साथ ही धान की रोपाई के मौसम में नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने, खराब पड़े सरकारी नलकूपों की तत्काल मरम्मत कर सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त करने और बिजली कटौती बंद कर पर्याप्त वोल्टेज के साथ नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि किसानों को खाद, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं समय पर नहीं मिल पा रही हैं, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। वहीं महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए सरकार से प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई। जिलाध्यक्ष विद्या प्रसाद पटेल के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सरकार से जनहित के मुद्दों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा। इस मौके पर राजेश कुमार, जीतू पटेल, अयोध्या प्रसाद प्रजापति, अमरपाल पटेल, राजकुमार सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *