खस्ताहाल सड़क से परेशान नगर पंचायत खखरेरू के ग्रामीण

   खस्ताहाल सड़क से परेशान नगर पंचायत खखरेरू के ग्रामीण
– दो किलोमीटर के रास्ते में जगह-जगह जलभराव
फोटो परिचय-  खस्ताहाल मार्ग पर जलभराव का दृश्य।
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। नगर पंचायत खखरेरू स्थित पोस्ट ऑफिस के बगल से आईमापुर के पास निकलने वाली करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और जलभराव होने से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब है कि चार पहिया वाहनों को महज 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ही गुजरना पड़ता है।
बताया जाता है कि पहले यह क्षेत्र विकास खंड विजयीपुर के अंतर्गत आता था, लेकिन नगर पंचायत बनने के बाद यह क्षेत्र अलग हो गया। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत और निर्माण की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। सड़क खराब होने के कारण लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग से आवागमन संभव न हो तो रक्षपालपुर होकर करीब आठ किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है। खखरेरू निवासी मुस्तकीम, मुन्ना खां, अबरार अहमद, सभासद कमरुल हक, चकिया, महेश, बारहता और केवल सहित अन्य लोगों ने सड़क का जल्द से जल्द निर्माण कराने की मांग की है। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस समस्या को गंभीरता से लेते हैं या फिर यह सड़क आगामी चुनावी समर में एक बार फिर केवल चुनावी मुद्दा बनकर रह जाएगी। वहीं ईओ एचपी सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य के लिए सभासद ने दिया है। जल्द ही इस सड़क का निर्माण होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *