चौबीस घंटे में खागा पुलिस का खुलासा, तीन शातिर दबोचे
चौबीस घंटे में खागा पुलिस का खुलासा, तीन शातिर दबोचे
चौबीस घंटे में खागा पुलिस का खुलासा, तीन शातिर दबोचे
– दुकानों के ताले तोड़कर करते थे चोरी, नकदी, सब्बल, स्कूटी व मोबाइल बरामद
फोटो परिचय- पुलिस टीम की गिरफ्त में शातिर चोर। मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के पुरइन बाजार में दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात का पुलिस ने महज चौबीस घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 1340 रुपये, वारदात में प्रयुक्त सब्बल, बिना नंबर प्लेट की स्कूटी तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों ने पूछताछ में चोरी की वारदात कबूल करते हुए बताया कि स्कूटी में पेट्रोल खत्म होने के कारण रुपये जुटाने के लिए उन्होंने दुकानों को निशाना बनाया था।
पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को पुरइन निवासी हंसराज यादव ने तहरीर देकर बताया था कि 21-22 जुलाई की रात अज्ञात चोर उनकी बेकरी दुकान का ताला तोड़कर नकदी चोरी कर ले गए। वहीं सामने स्थित राजेंद्र शास्त्री की परचून दुकान का ताला भी चोरी की नीयत से तोड़ा गया था। तहरीर के आधार पर थाना खागा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खागा के पर्यवेक्षण में थाना खागा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अकोढ़िया मोड़ के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान संजीव चमार निवासी पटेलनगर कानपुर नगर, राहुल गौतम निवासी भदवा कोखराज कौशांबी व राहुल कुमार सरोज निवासी गिरधरपुर कोखराज कौशांबी के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कानपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में स्कूटी का पेट्रोल लगभग खत्म हो गया और उनके पास पैसे नहीं थे। इसी वजह से उन्होंने पुरइन बाजार में परचून और बेकरी की दुकानों के ताले सब्बल से तोड़े। परचून की दुकान से कुछ नहीं मिला, जबकि बेकरी की दुकान से 1340 रुपये चोरी कर लिए थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में मझिलगांव चौकी प्रभारी दिनेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक प्रभाष चंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल आत्माराम मिश्रा, कांस्टेबल राजेश सिंह व सुजीत शामिल रहे। ——————————————- –
बाइकों की भिड़ंत में दो युवती समेत चार घायल मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गम्हरी के समीप गुरूवार की दोपहर बाइकों की भिड़ंत में दो युवती समेत चार लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार मलवां थाना क्षेत्र के करसवां गांव निवासी मुन्नीलाल का 38 वर्षीय पुत्र रामपाल अपने रिश्तेदार अमौसा की पुत्री सोनम 17 वर्ष, धर्मपाल की 18 वर्षीय पुत्री काजल के साथ बाइक से गाजीपुर जा रहा था। जैसे ही ये लोग गम्हरी गांव के समीप पहुंचे तभी थाने के मवइया गांव निवासी होरीलाल का 32 वर्षीय पुत्र पंकज शुक्ला की बाइक से भिड़ंत हो गई। जिससे चारों घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। —————————————— –
घर में घुसकर विकलांग को बड़े भाई ने पीटा मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के नऊवाबाग में किराए के मकान में रह रहे 45 वर्षीय विकलांग को बड़े भाई ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर बुरी तरह पीट दिया और अपनी पत्नी व सामान लेकर वापस गांव चला गया।
जानकारी के अनुसार बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ईसापुर मजरे डीघ निवासी स्व0 बाबूलाल का पुत्र शिवलखन कुछ साल पूर्व बिंदकी से नऊवाबाग आकर किराए के मकान में रहकर तांबेश्वर मंदिर में पुजारी था। बताते हैं कि बुधवार की रात उसका बड़ा भाई रामचन्द्र अपने दो साथियों के साथ आया और घर में घुसकर भाई को लाठी-डण्डों से पीटकर पत्नी को जबरन घर लेकर चला गया। इलाज के दौरान घायल ने बताया कि उसका बड़ा भाई शराब पीने का आदी है, और भाभी को मारता-पीटता था। जिससे बचने के लिए वह उसके साथ आकर रहने लगी थी।