अपहरण कांड का खुलासा, नाबालिग को भगाने वाला गिरफ्तार
– पीड़िता पहले ही सकुशल बरामद, आरोपी को भेजा न्यायालय
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बिंदकी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना क्षेत्र में नाबालिग के अपहरण के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। मामले की विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी पर गंभीर धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार थाना बिंदकी में दर्ज मुकदमा संख्या 215/2026 में आरोपी ललित पुत्र शिवदयाल निवासी ग्राम आबादी थाना तिंदवारी जनपद बांदा की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 87/64 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 की बढ़ोत्तरी की गई। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अपहृत नाबालिग को 24 जुलाई 2026 को ही सकुशल बरामद कर लिया गया था। आरोपी के खिलाफ पहले से भी बिंदकी थाने में एक अन्य आपराधिक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अरविंद कुमार यादव, कांस्टेबल दीपक कुमार शामिल रहे।
————————————– –
पुरानी रंजिश में मारपीट, चार आरोपियों पर एफआईआर
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के बुदवन गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बुदवन गांव निवासी पप्पू सिंह पुत्र अजरोल सिंह ने खागा कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि वह अपने जानवरों को चराने के लिए जंगल की ओर गया था। इसी दौरान गांव निवासी बच्चे सिंह पुत्र रामू सिंह, जिससे पुरानी रंजिश चली आ रही है, गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो रास्ते में बच्चे सिंह, राजकुमार पुत्र रामू सिंह, निखिल पुत्र रामू सिंह तथा एक अन्य आरोपी ने उसे रोक लिया और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो सभी आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। खागा कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
——————————————-
घर की दीवार काट कर चोरी, मुकदमा दर्ज
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र के बरहटा गांव में अज्ञात चोरों ने एक मकान की पीछे की दीवार काटकर लाखों रुपये के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बरहटा गांव निवासी साइना बानो पत्नी रुबाब अहमद ने खखरेरू थाने में दी गई तहरीर में बताया कि बीती रात अज्ञात चोर उनके घर के पीछे की दीवार काटकर अंदर घुस गए। चोर घर में रखी झुमकी, पायल, मंगलसूत्र सहित अन्य कीमती जेवरात और 20000 की नकदी चोरी कर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। पीड़िता ने पुलिस से अज्ञात चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी कर चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। सूचना पर पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाने के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा चोरों की पहचान कर जल्द ही आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
—————————————– —
बहू से झगड़ सास ने खाया जहर, मौत
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नरायनपुरवा में शुक्रवार की शाम बहू से विवाद के बाद 45 वर्षीय सास ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार थाने के नया पुरवा गांव निवासी चित्रसेन की पत्नी गीता देवी ने शुक्रवार की शाम जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ समय बाद जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां जिन्दगी व मौत के बीच संघर्ष करते-करते देर रात लगभग एक बजे महिला ने दम तोड़ दिया। उधर सूचना पाकर मौके में पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में विच्छेदन गृह भेज दिया। वहीं मृतका के पति चित्रसेन ने बताया कि शुक्रवार की शाम बहू अनीता से उसके पत्नी की कहासुनी हो गयी। जिस पर बहू ने कुछ अपशब्द बोल दिया जिससे क्षुब्ध होकर उसकी पत्नी जहर खाकर जान दे दिया।
—————————————
सड़क हादसे में सगे भाईयों समेत पांच घायल
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अर्न्तगत हुए सड़क हादसों के दौरान तीन सगे भाईयों समेत पांच लोग घायल हो गये। जिन्हे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार बिन्दकी कोतवाली के मोहल्ला मुगलाही निवासी मो0 इरशाद का 42 वर्षीय पुत्र अय्यूब अपने 37 वर्षीय पुत्र याकूब व 28 वर्षीय भाई दिलशाद के साथ बाइक से शहर किसी काम से आ रहे थे। जैसे ही यह लोग मलवां थाने के चक्की गांव के समीप पहुंचे तभी अनियंत्रित होकर बाइक गिर जाने से घायल हो गये। इसी प्रकार हुसैनगंज थाना क्षेत्र के तोफापुर उर्फ मुस्तफापुर गांव निवासी मेड़ा का 30 वर्षीय पुत्र बडकू अपने साथी बबलू पासवान पुत्र शत्रुघन 28 वर्ष के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जा रहा था। जैसे ही यह लोग थाने के डलमऊ रोड़ लालीपुर मोड़ के पास पहुचे तभी अज्ञात डम्पर ने टक्कर मार दिया जिससे दोनों घायल हो गये। सूचना पाकर मौके में पहुंची सरकारी एम्बुलेंस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां इमरजेन्सी में तैनात चिकित्सक ने बब्लू की हालत गंभीर देखते हुये कानपुर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया।
————————————–
अज्ञात वाहन किसान को मारी टक्कर, मौत
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। अमौली जहानाबाद मार्ग मे शुक्रवार को देर शाम खेतों का काम निपटा कर बाइक से वापस घर जा रहे किसान को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया परिजन इलाज के लिए उसे कानपुर लिए जा रहे थे कि उसकी रास्ते मे ही मौत हो गयी मौत की सूचना मिलते ही परिजनों मे कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र के गाँव सरांय धरमपुर निवासी किसान उमाशंकर उत्तम 48 वर्ष पुत्र रमेश उत्तम शुक्रवार को देर शाम अमौली जहानाबाद मार्ग पर जमुनापुर गांव के सामने स्थित अपने खेतों मे गोभी लगवाकर बाइक से वापस घर जा रहा था तभी तेज रफ्तार अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गये। हादसा देख खेतों मे काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचकर परिजनों को सूचना दी। परिजन आनन फानन उसे इलाज के लिये कानपुर लिये जा रहे थे। तभी रास्ते मे उसने दम तोड दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों मे कोहराम मच गया। पत्नी सारिका उत्तम, पुत्र आशीष उत्तम व रोचन उत्तम का रो-रोकर बुरा हाल है।
एचटी लाइन बनी मकान निर्माण में बाधा, किसान ने लगाई गुहार
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। तहसील क्षेत्र के अंतर्गत अल्लीपुर भादर गांव में एक किसान अपनी भूमिधरी भूमि पर मकान निर्माण कराने के लिए वर्षों से संघर्ष कर रहा है। किसान का आरोप है कि उसकी जमीन के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के कारण निर्माण कार्य बाधित हो रहा है। लाइन हटवाने के लिए वह तहसील दिवस से लेकर बिजली विभाग तक कई बार गुहार लगा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
पीड़ित दिनेश सिंह उर्फ कल्लू सिंह चौहान पुत्र जगपत सिंह ने बताया कि करीब 15 वर्ष पूर्व गांव के अमृत लाल पुत्र सुखलाल ने उसकी सहमति के बिना उसकी भूमिधरी भूमि के ऊपर से अपने निजी नलकूप तक बिजली लाइन खिंचवा ली थी। उस समय विरोध करने पर आश्वासन दिया गया था कि भविष्य में जब वह अपनी जमीन पर मकान बनाएगा, तब लाइन हटवा दी जाएगी। पीड़ित का कहना है कि वर्तमान में उसका पुराना मकान गिर जाने के कारण वह अपनी भूमि पर नया मकान बनवा रहा है, लेकिन अब संबंधित पक्ष लाइन हटाने को तैयार नहीं है। इससे मकान निर्माण का कार्य प्रभावित हो रहा है और परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिनेश सिंह के अनुसार, मामले की शिकायत करने पर बिजली विभाग की ओर से यह सुझाव दिया गया कि लाइन से जुड़े तीनों निजी नलकूप संचालक तथा मकान निर्माण कराने वाला पक्ष आपसी सहमति से खर्च वहन कर लाइन को दूसरी ओर स्थानांतरित करा सकते हैं। हालांकि खर्च के बंटवारे को लेकर सहमति नहीं बन पाने से समस्या जस की तस बनी हुई है। पीड़ित ने प्रशासन और बिजली विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए अपनी भूमिधरी भूमि से गुजर रही लाइन को हटवाने तथा मकान निर्माण में आ रही बाधा दूर कराने की मांग की है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते समाधान न होने पर कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है, क्योंकि मकान निर्माण स्थल के ऊपर से उच्च क्षमता की बिजली लाइन गुजर रही है।
