जिला पंचायत सदस्य का विरोध, बीडीओ से जांच और सुधार की मांग

 अमृत सरोवर की बदहाल स्थिति पर जिला पंचायत सदस्य का विरोध, बीडीओ से जांच और सुधार की मांग

दीपक धुरिया अजरा न्यूज जालौन उरई (जालौन) विकास खंड जालौन की ग्राम पंचायत सिकरी राजा स्थित अमृत सरोवर की बदहाल स्थिति को लेकर जिला पंचायत सदस्य संजू कठेरिया ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को शिकायती पत्र सौंपते हुए मामले की जांच कराने और तालाब का सुंदरीकरण कराने की मांग की है।

शिकायत में कहा गया है कि अमृत सरोवर की खुदाई अब तक पूरी नहीं हो सकी है, जिससे तालाब में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। गंदे पानी और झाड़ियों के कारण सांप, बिच्छू तथा अन्य जहरीले जीवों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी हुई है और लोगों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

जिला पंचायत सदस्य का आरोप है कि इस समस्या से प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और अमृत सरोवर का जल्द से जल्द सुंदरीकरण एवं अधूरे कार्य को पूरा कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *