पांच सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों को एसपी ने दी विदाई

 पांच सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों को एसपी ने दी विदाई
शॉल, घड़ी व स्मृति-चिह्न भेंटकर किया सम्मानित
फोटो परिचय-  सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों को विदाई देते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज  फतेहपुर। वर्षों तक जनसेवा और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले पांच पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शुक्रवार को सम्मान के साथ पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हुए। रिजर्व पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में आयोजित विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान को याद किया और उनके स्वस्थ, सुखमय एवं उज्जवल भविष्य की कामना की।
समारोह में अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस राजेन्द्र, उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस चन्द्रभान यादव, उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस राज बहादुर सरोज, उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस राजेन्द्र सिंह यादव तथा प्रधान परिचालक हंसराज यादव को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक एवं क्षेत्राधिकारी लाइन ने पुष्पमाला पहनाकर शॉल ओढ़ाई। साथ ही घड़ी एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके लंबे और उत्कृष्ट सेवाकाल के प्रति सम्मान व्यक्त किया। अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन कर विभाग की गरिमा बढ़ाई है। उनके अनुभव और योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। विदाई समारोह का माहौल भावुक होने के साथ-साथ सम्मान से भी ओत-प्रोत रहा। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त साथियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और सफल जीवन की कामना की। समारोह के अंत में सभी ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *