दहेज हत्या के मामले में फरार सास-ससुर गिरफ्तार
फोटो परिचय- पुलिस टीम की गिरफ्त में आरोपी सास-ससुर। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। दहेज हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे सास-ससुर को आखिरकार हुसैनगंज पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को थाना हुसैनगंज पुलिस ने दोनों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार थाना हुसैनगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 107/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85, 115(2), 352, 80(2) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज है। इस मामले में आरोपी मनोहर सिंह उर्फ राजू सिंह पुत्र रामनारायण सिंह तथा उनकी पत्नी फूलो देवी निवासी ग्राम पतरिया मजरे फसी थाना हुसैनगंज फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी थी। शुक्रवार को सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों से आवश्यक पूछताछ की और विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि दहेज उत्पीड़न और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक बुद्धमान सिंह, कांस्टेबल अशोक कुमार यादव, मो. इरफान अंसारी, महिला कांस्टेबल नेहा तोमर शामिल रही।