पत्नी को ले जाने व जान से मारने की धमकी का आरोप

 पत्नी को ले जाने व जान से मारने की धमकी का आरोप
– पीड़ित ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार
फोटो परिचय-  डीएम को शिकायती पत्र देने जाता पीड़ित।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। शहर के कांशीराम कॉलोनी निवासी गुलाम मोहम्मद उर्फ लल्लू ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में पुलिस द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई न किए जाने की शिकायत करते हुए न्याय की मांग की है।
दिए गए शिकायती पत्र में गुलाम मोहम्मद ने बताया कि उसका विवाह वर्ष 2014 में शमा परवीन उर्फ रुखसाना बेगम से हुआ था। उनके चार बच्चे हैं। आरोप है कि 13 जुलाई की शाम जब वह घर पर नहीं थे, उसी दौरान उनकी पत्नी घर में रखे करीब 25 हजार रुपये नकद और जेवरात लेकर चली गई। घर लौटने पर परिजनों से जानकारी मिलने के बाद उन्होंने काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। पीड़ित का आरोप है कि बाद में जानकारी मिली कि एक युवक उनकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। गुलाम मोहम्मद ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में पहले भी पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए संबंधित थाना पुलिस को एफआईआर दर्ज करने तथा आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *