श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

  नौबस्ता घाट पर लगाई आस्था की डुबकी
श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
फोटो परिचय-  नौबस्ता घाट पर डुबकी लगाते श्रद्धालु।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर सोमवार को सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र स्थित नौबस्ता गंगा घाट एवं गंगेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही दूर-दराज के गांवों और कस्बों से हजारों श्रद्धालु नवबस्ता घाट पहुंचे, जहां उन्होंने पवित्र गंगा में स्नान कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की।
श्रावण मास के पहले सोमवार का विशेष महत्व होने के कारण बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं कांवड़िए भी गंगा घाट पहुंचे। कांवड़ियों ने गंगा से पवित्र जल भरकर विभिन्न शिवालयों के लिए प्रस्थान किया। पूरे क्षेत्र में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क रहा। सुल्तानपुर घोष थाना पुलिस सुबह से ही घाट एवं मंदिर परिसर में तैनात रही। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित दर्शन और पूजा-अर्चना कराने में सहयोग किया। घाट के संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई, वहीं यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए। स्थानीय प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। दिनभर गंगा घाट और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर नवबस्ता घाट और गंगेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ी आस्था की यह भीड़ क्षेत्र की धार्मिक परंपरा और भगवान शिव के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का प्रतीक बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *