दुर्गा पंडाल में दर्शन को गया था परिवार, सूना घर पाकर चोरों ने बनाया निशाना
दुर्गा पंडाल में दर्शन को गया था परिवार, सूना घर पाकर चोरों ने बनाया निशाना
घर में सेंध लगाकर छह लाख के जेवर चोरी
– दुर्गा पंडाल में दर्शन को गया था परिवार, सूना घर पाकर चोरों ने बनाया निशाना
फोटो परिचय- मकान में लगी सेंध का दृश्य। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के दरियापुर मजरा बरार गांव में चोरों ने सूने घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार के लोग नवरात्रि पर गांव में लगे दुर्गा पंडाल में दर्शन करने गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर की पिछली दीवार में सेंध लगाकर सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और गेहूं समेत अन्य सामान पार कर दिया। घर लौटने पर सेंधमारी देखकर परिजनों के होश उड़ गए। पीड़ित के मुताबिक, चोरी गए सामान की कीमत करीब छह लाख रुपये है।
जानकारी के अनुसार दरियापुर मजरा बरार निवासी राजेंद्र कुमार पुत्र राजेश कुमार निषाद ने बताया कि बीती रात करीब 10 बजे परिवार के सभी सदस्य गांव में लगे माता रानी के पंडाल में दर्शन करने गए थे। घर सूना पाकर चोरों ने पीछे की दीवार में सेंध काटी और अंदर घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित की पत्नी मुरैली देवी के अनुसार, चोर सोने का तीन पत्ती वाला हार, झुमके, लॉकेट, हाथफूल, करधनी, बेंसर, कमर का बिछुआ, करीब पाव भर चांदी की छागल, छह वर्षीय बेटी मुस्कान की चांदी की पायल, चार हजार रुपये नकद, एक कुंतल गेहूं और एक बड़ा बक्सा उठा ले गए। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने यूपी 112 व किशनपुर थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में किशनपुर थाना प्रभारी मनीष सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस चोरी की घटना का खुलासा करने के लिए जांच कर रही है।