स्कॉर्पियो का तांडव, सड़क किनारे खड़े करीब 20 वाहन किए क्षतिग्रस्त, चालक पकड़ाया

 उरई में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का तांडव, सड़क किनारे खड़े करीब 20 वाहन किए क्षतिग्रस्त, चालक पकड़ाया

दीपक धुरिया अजरा न्यूज जालौन — जालौन के उरई शहर में देर रात तेज रफ्तार का खतरनाक नजारा देखने को मिला। एक बेकाबू स्कॉर्पियो मोहल्ले में घुस गई और सड़क किनारे खड़े करीब 20 वाहनों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पीछा कर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। देखिए यह रिपोर्ट।

घटना उरई शहर के अंबेडकर चौराहा से बंबी रोड क्षेत्र की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देर रात काले रंग की स्कॉर्पियो (UP92W2753) तेज रफ्तार से मोहल्ले में दाखिल हुई। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे खड़ी एक के बाद एक कई गाड़ियों में टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कॉर्पियो चालक घटना के बाद मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मोहल्ले के लोगों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। घटना में कई दोपहिया और चारपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।

बाइट – स्थानीय निवासी
“गाड़ी बहुत तेज रफ्तार में थी। सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। हम लोगों ने पीछा कर चालक को पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *