29 से 31 अगस्त तक होंगे विभिन्न खेल एवं फिटनेस कार्यक्रम
29 से 31 अगस्त तक होंगे विभिन्न खेल एवं फिटनेस कार्यक्रम
राष्ट्रीय खेल दिवस पर तीन दिन गूंजेगा खेल का मैदान
– 29 से 31 अगस्त तक होंगे विभिन्न खेल एवं फिटनेस कार्यक्रम एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। हॉकी के जादूगर व महान खिलाड़ी स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस पर जनपद में तीन दिवसीय खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। खेल निदेशालय के तत्वावधान में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रवेश निःशुल्क है।
क्रीड़ा अधिकारी सुनील कुमार भारती ने बताया कि 29 अगस्त को सुबह आठ बजे स्पोर्ट्स कॉलेज नेवलापुर में कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इस दौरान मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ फिट इंडिया की शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद पास द बॉल के साथ 50 मीटर दौड़, लंबी कूद और किड्स जैवलिन प्रतियोगिता आयोजित होगी। इनमें अंडर-14 बालक एवं बालिका खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे। 30 अगस्त को स्पोर्ट्स स्टेडियम में अंडर-18 बालक एवं बालिका वर्ग में कबड्डी, रस्साकशी और टेबल टेनिस प्रतियोगिताएं होंगी। इसके साथ ही एक घंटा खेल के मैदान में तथा योग गतिविधि आयोजित की जाएगी। वहीं 31 अगस्त को अंडर-18 बालक एवं बालिका वर्ग की हैंडबॉल प्रतियोगिता के साथ स्पेशल संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम होगा।
हॉकी प्रतियोगिता में केवल 14 वर्ष से कम आयु के बालक हिस्सा ले सकेंगे। एथलेटिक्स में 50 मीटर दौड़, लंबी कूद और किड्स जैवलिन प्रतियोगिताएं अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग के लिए होंगी। कबड्डी, टेबल टेनिस, रस्साकशी और हैंडबॉल में 18 वर्ष से कम आयु के बालक-बालिकाएं प्रतिभाग कर सकेंगे।
योग और संडे ऑन साइकिल में आयु की कोई बाध्यता नहीं रखी गई है। प्रतिभागियों को अपने निर्धारित आयु वर्ग की प्रतियोगिता में ही हिस्सा लेने की अनुमति होगी। प्रतियोगिताओं के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रतिभागियों को आयु और पहचान के लिए आधार कार्ड अथवा नगर निगम/नगर पालिका द्वारा जारी जन्मतिथि प्रमाण पत्र की मूल प्रति व छायाप्रति साथ लानी होगी। टीम प्रतियोगिताओं के लिए संस्था अथवा विद्यालय से प्रमाणित टीम की नामावली खेल कार्यालय में जमा करनी होगी। नामावली ई-मेल भी की जा सकती है। टीमों को अपने संस्थान के कोच के नेतृत्व में ही प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचना होगा। खेल संबंधी जानकारी के लिए एथलेटिक्स प्रशिक्षक आरिफ खान 8795979142 तथा खेलो इंडिया एथलेटिक्स प्रशिक्षक जितेंद्र यादव 9120503010 से संपर्क किया जा सकता है।