डायट में माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों ने दिखाई लेखन प्रतिभा, सिंह ने मारी बाजी
डायट में माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों ने दिखाई लेखन प्रतिभा, सिंह ने मारी बाजी
डायट में माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों ने दिखाई लेखन प्रतिभा
– निबंध प्रतियोगिता में आर्यन सिंह ने मारी बाजी
फोटो परिचय- निबंध प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते डायट प्राचार्य। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। विद्यार्थियों में रचनात्मक लेखन, चिंतन व अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में प्रोग्राम एंड एक्टिविटीज 2026-27 के अंतर्गत माध्यमिक स्तर की निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा नौ से 12 तक अध्ययनरत विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी प्राचार्य/उपशिक्षा निदेशक एवं वरिष्ठ प्रवक्ता अजीत कुमार निगम के मार्गदर्शन में हुआ। प्रतियोगिता का संचालन नोडल प्रभारी राजेन्द्र कुमार एवं भारती सिंह, प्रवक्ताओं के नेतृत्व में किया गया। प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को एक घंटे का समय और अधिकतम 600 शब्दों की सीमा निर्धारित की गई थी। प्रतिभागियों को महिला सशक्तीकरण, विकसित भारत तथा भारतीय संस्कृति और आधुनिकता में समन्वय में से किसी एक विषय पर निबंध लिखना था। विद्यार्थियों ने निर्धारित समय और शब्द सीमा के भीतर अपने विचारों, चिंतन और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के बाद आर्यन सिंह ने प्रथम, दिव्यांशु माकन ने द्वितीय और आदर्श श्रीवास्तव ने तृतीय स्थान हासिल किया। खास बात यह रही कि तीनों विजेता विद्यार्थी पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज के छात्र हैं। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि प्रतियोगिता में शामिल अन्य विद्यार्थियों को भी प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर संस्थान के वरिष्ठ प्रवक्ता राकेश सचान, शशांक शेखर शुक्ला, प्रवक्ता डॉ. अमृत कुमार यादव, अतुल कुमार, अन्तिमा सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।