एमबीबीएस इंटर्न छात्रों पर मारपीट का आरोप, डीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग

  नर्सिंग छात्रों का फूटा आक्रोश, जुलूस निकालकर कलक्ट्रेट पहुंचे

  एमबीबीएस इंटर्न छात्रों पर मारपीट का आरोप, डीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग

संवाददाता दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ उरई, जालौन। राजकीय मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग छात्रों और एमबीबीएस इंटर्न छात्रों के बीच हुए विवाद का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। कथित मारपीट की घटना से नाराज पीड़ित इंटर्न नर्सिंग छात्रों ने बुधवार को जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्र नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय स्थित कलक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज परिसर में उनके साथ मारपीट की गई। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर छात्रों ने जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर दोषी एमबीबीएस इंटर्न छात्रों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की।

छात्रों का कहना है कि घटना के बाद भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से उनमें नाराजगी है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मारपीट में शामिल छात्रों की पहचान कर कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग उठाई। कलक्ट्रेट पहुंचने के दौरान छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और प्रशासन से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की। छात्रों का कहना है कि शिक्षण संस्थान में पढ़ाई का माहौल सुरक्षित और शांतिपूर्ण होना चाहिए, ताकि छात्र-छात्राएं बिना भय के अपनी पढ़ाई और प्रशिक्षण पूरा कर सकें। मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज परिसर से लेकर जिला मुख्यालय तक हलचल बनी हुई है। अब प्रशासन की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *