चोरी के आईफोन के साथ आरोपी गिरफ्तार
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में राधानगर पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी के एक मामले में प्रकाश में आए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से आईफोन-16 बरामद किया है। बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया।
राधानगर थाने में दर्ज मु.अ.सं. 226/2026, धारा 303(2) बीएनएस की विवेचना के दौरान अजय यादव पुत्र विजय सिंह यादव का नाम प्रकाश में आया था। पुलिस ने दो अक्टूबर को आरोपी अजय यादव निवासी सराय खालिस थाना असोथर हाल पता मिदियापुर बक्सपुर थाना राधानगर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी का एक आईफोन-16 बरामद हुआ। मोबाइल बरामद होने के बाद पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे सक्षम न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक श्यामसुन्दर लाल श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक गुलाब चन्द्र मौर्य, कांस्टेबल राकेश यादव, रिजर्व कांस्टेबल प्रवीन उपाध्याय व शशिकान्त शामिल रहे।
———————————————————————————–
नाबालिग अपहृता बरामद, आरोपी गिरफ्तार
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खागा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया।
खागा कोतवाली में दर्ज मु.अ.सं. 425/2026, धारा 137(2)/87 बीएनएस की विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने नाबालिग अपहृता को सकुशल बरामद किया। मामले में वांछित अभियुक्त शिवमिलन पुत्र स्व. बाबूलाल (32) निवासी ग्राम तौरा, थाना सुल्तानपुर घोष को भी गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी खागा के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा व कांस्टेबल संदीप पटेल शामिल रहे।
————————————————————————————
वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ बाईपास एनएच-2 में शनिवार की सुबह चार पहिया वाहन की चपेट में आ जाने से 20 वर्षीय बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार थरियांव थाना क्षेत्र के लक्षमणपुर मजरे रामपुर निवासी प्रकाश का पुत्र अरूण शनिवार की सुबह लगभग दस बजे मलवां थाना क्षेत्र के भदबा गांव से बाइक से घर वापस जा रहा था। जैसे ही वह लखनऊ बाईपास एनएच-2 पर पहुंचा तभी पीछे से तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
———————————————————————————–
जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। चांदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रूपारा मजरे कसरा में मानसिक तनाव के चलते 41 वर्षीय युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उपचार के लिए नजदीक के अस्पताल आ रहे थे तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार रूपारा मजरे कसरा गांव निवासी रघुवीर के पुत्र रामसनेही ने शुक्रवार की देर रात जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे तत्काल करीब के अस्पताल ले जाने लगे। इसी दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।

