ड्रिल गन के रखरखाव व सैन्य प्रशिक्षण से रूबरू हुए एनसीसी कैडेट

     ड्रिल गन के रखरखाव व सैन्य प्रशिक्षण से रूबरू हुए एनसीसी कैडेट
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। कस्बे के रानी चंद्रप्रभा स्कूल में चल रहे सीएटीसी-72 एनसीसी प्रशिक्षण शिविर में बृहस्पतिवार को कैडेटों को शारीरिक प्रशिक्षण, ड्रिल, फायरिंग व सैन्य गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को ड्रिल गन के सुरक्षित उपयोग, साफ-सफाई और रखरखाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कमांडिंग ऑफिसर कर्नल बृजेश पठानिया के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में कैडेटों को सैन्य जीवन की कार्यशैली और अनुशासन से अवगत कराया गया। कर्नल योगेंद्र छिनवान, सूबेदार राजन गुरंग, सूबेदार राजेंद्र सिंह, हवलदार सुनील सिंह, हवलदार प्रकाश सिंह, हवलदार कौशल सिंह और हवलदार उदय सिंह की निगरानी में कैडेटों ने शारीरिक प्रशिक्षण व ड्रिल का अभ्यास किया। इसके साथ ही फायरिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने ड्रिल गन की साफ-सफाई और नियमित रखरखाव के महत्व पर विशेष जोर दिया। कैडेटों को हथियारों की जांच, उनके कल-पुर्जों की देखभाल व निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि सैन्य प्रशिक्षण में अनुशासन और सुरक्षा का विशेष महत्व है, इसलिए कैडेटों को हर गतिविधि में निर्धारित नियमों का पालन करना चाहिए। शिविर का उद्देश्य कैडेटों में अनुशासन, शारीरिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और देशसेवा की भावना विकसित करना है। प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों ने उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया। अधिकारियों ने कैडेटों को शिविर में सीखी गई बातों को अपने दैनिक जीवन में भी अपनाने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *