मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से कोई पात्र न रहे वंचित: डीएम
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से कोई पात्र न रहे वंचित: डीएम
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से कोई पात्र न रहे वंचित: डीएम
– युवाओं व महिलाओं पर दिया विशेष जोर
फोटो परिचय- बैठक में भाग लेतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स व अन्य। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर मतदाता सूची को दुरुस्त व अपडेट करने की कवायद तेज हो गई है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से पात्र युवाओं और महिला मतदाताओं के नाम अधिक से अधिक संख्या में मतदाता सूची में शामिल कराने की अपील की। बुधवार को महात्मा गांधी कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता बनने के लिए जागरूक किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
बैठक में डीएम ने बताया कि एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है। इसके तहत नए मतदाताओं का पंजीकरण, नामों में संशोधन, अपात्र नामों को हटाने, स्थानांतरित एवं अनुपस्थित मतदाताओं के सत्यापन व मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को सक्रिय कर अभियान में सहयोग करने को कहा। खासकर महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि इससे मतदाता सूची का जेंडर रेशियो भी संतुलित हो सकेगा।
डीएम ने बताया कि मतदाता सूची से संबंधित जानकारी और दावे-आपत्तियों की स्थिति जनपद की आधिकारिक वेबसाइट पर देखी जा सकती है। नए मतदाता के पंजीकरण के लिए फार्म-6, नाम विलोपन के लिए फार्म-7 तथा नाम-पते में संशोधन के लिए फार्म-8 निर्धारित है। बैठक में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से सुझाव और फीडबैक भी लिया गया। डीएम ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 का अभियान 16 दिसंबर तक संचालित होगा। उन्होंने सभी से अपील की कि अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, जिससे मतदाता सूची में कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व, अपर उप जिलाधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।