नवरात्रि महोत्सव को लेकर प्रशासन से व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग
– केन्द्रीय महोत्सव समिति ने डीएम को 16 बिंदुओं का मांगपत्र सौंपा
ब्यूरो सुरेंद्र धुरिया अजरा न्यूज़ बांदा — बुंदेलखंड के ऐतिहासिक नवदुर्गा महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। आगामी 11 अक्टूबर 2026, रविवार से शुरू होने वाले नौ दिवसीय नवरात्रि पर्व का विसर्जन 20 अक्टूबर, मंगलवार को होगा। पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बांदा केंद्रीय पूजा महोत्सव समिति ने जिलाधिकारी को 16 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर विभिन्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की है।

समिति ने मांग की है कि शहर के प्रमुख मंदिरों एवं देवी पंडालों में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त व्यवस्था कराई जाए। मंदिरों में तड़के करीब तीन बजे से श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं की आवाजाही शुरू होने को देखते हुए प्रमुख मंदिरों, चौराहों, तिराहों एवं देवी पंडालों पर महिला पुलिस, पुलिस बल एवं पुलिस गश्त दल की तैनाती की जाए।ज्ञापन में पूरे नवरात्रि के दौरान शहर को बिजली कटौती से मुक्त रखने तथा प्रमुख मार्गों पर लटकते बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की गई है। साथ ही शहर में सुबह-शाम जलापूर्ति सुचारु रखने, सभी दुर्गा पंडालों पर सुरक्षा व्यवस्था करने तथा देवी पंडालों एवं मंदिरों में सुबह-शाम सफाई और चूने का छिड़काव कराने की मांग भी रखी गई है। समिति ने शहर में सूअर एवं आवारा जानवरों के प्रवेश पर रोक, भारी वाहनों के लिए निर्धारित समय में प्रवेश प्रतिबंध तथा प्रमुख मार्गों और विसर्जन जुलूस वाले रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने पर भी जोर दिया है। ज्ञापन में कहा गया है कि अतिक्रमण के कारण विमान शोभायात्रा एवं विसर्जन जुलूस के संचालन में परेशानी होती है।विसर्जन को लेकर समिति ने केन नदी के रोड और घाट की मरम्मत, विसर्जन घाट तक मार्ग पर रोड लाइट की व्यवस्था तथा हाथ ठेला एवं नाव की पर्याप्त व्यवस्था कराने की मांग की है। बड़ी एवं भारी मूर्तियों के सुरक्षित विसर्जन के लिए दो बड़ी हाइड्रा मशीनों की व्यवस्था कराने का भी अनुरोध किया गया है।

