यूपीआई पर शुल्क लगाने से डिजिटल इंडिया की मुहिम को लगेगा झटका

 यूपीआई पर शुल्क लगाने से डिजिटल इंडिया की मुहिम को लगेगा झटका
– उत्तम उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष ने पीएम व सीएम से लगाई गुहार
फोटो परिचय-  उत्तम उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। डिजिटल भुगतान के बढ़ते चलन के बीच यूपीआई लेन-देन पर शुल्क लगाए जाने की चर्चा को लेकर व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। उत्तम उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मनोज साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर यूपीआई भुगतान पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगाई, मंदी और कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना कर रहे व्यापारियों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने से आर्थिक बोझ बढ़ेगा, जिसका सबसे अधिक असर छोटे दुकानदारों पर पड़ेगा।
मनोज साहू ने अपने पत्र में कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और सरकार को कर के रूप में राजस्व देने में महत्वपूर्ण योगदान करते हैं। छोटे से लेकर बड़े व्यापारी तक विभिन्न प्रकार के करों का भुगतान करते हैं, इसके बावजूद व्यापारियों को कई बार संदेह की नजर से देखा जाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल भुगतान व्यापारियों व ग्राहकों, दोनों के लिए सुविधाजनक माध्यम बन चुका है। ऐसे में यूपीआई लेन-देन पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का फैसला व्यापारियों के हितों के विपरीत होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री से इस विषय पर पुनर्विचार करने तथा यूपीआई भुगतान को शुल्क मुक्त बनाए रखने की मांग की।
श्री साहू ने कहा कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने व डिजिटल इंडिया के लक्ष्य को मजबूत करने के लिए यूपीआई पर किसी भी तरह का अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं डाला जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र और प्रदेश सरकार व्यापारी समाज की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए व्यापारियों के हित में निर्णय लेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *