मिलावटी मिठाईयां बिगड़ रही सेहत, मिठाई की दुकान में छापा मारकर लिया सैंपल
मिलावटी मिठाईयां बिगड़ रही सेहत, मिठाई की दुकान में छापा मारकर लिया सैंपल
मिलावटी मिठाईयां बिगड़ रही लोगांे की सेहत – त्यौहारी सीजन में सर्तक हुआ खाद्य विभाग
– मिठाई की दुकान में छापा मारकर लिया सैंपल
– ब्यूरो सुरेंद्र धुरिया अज़रा न्यूज बांदा। त्यौहारी सीजन शुरू होने से पहले ही मिठाईयों में मिलावट को लेकर खाद्य विभाग सतर्क नजर आ रहा है। मां महेश्वरी देवी मंदिर के सामने स्थित एमडी स्वीट्स बेकरी में बेसन के लड्डुओं की गुणवत्ता को लेकर शिकायत सामने आई है। ग्राहकों का आरोप है कि दुकान पर बेचे जा रहे कुछ लड्डुओं से बदबू आ रही थी और खाने के बाद गले में खराब स्वाद व जलन जैसी समस्या महसूस हुई।
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक मंदिर में चढ़ाने के लिए खरीदे गए लड्डुओं से भी बदबू आने पर जब दुकानदार से शिकायत की गई तो कथित तौर पर ग्राहकों से अभद्रता और धक्का-मुक्की की गई। इसके बाद मामले की शिकायत संबंधित खाद्य विभाग के अधिकारी से की गई। शिकायत पर खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान का निरीक्षण किया और लड्डुओं के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। टीम द्वारा दुकान में मौजूद अन्य मिठाइयों की भी जांच की गई, जिनमें भी कथित तौर पर दुर्गंध पाए जाने की बात सामने आई। निरीक्षण के दौरान मिठाइयां तैयार किए जाने वाले स्थान पर गंदगी मिलने का भी आरोप है। कार्रवाई के दौरान मौके पर मीडिया कर्मी भी मौजूद रहे। बताया गया है कि इस दुकान के खिलाफ पूर्व में भी खाद्य विभाग द्वारा कार्रवाई और जुर्माना किया जा चुका है। बावजूद इसके दोबारा शिकायत सामने आने पर खाद्य विभाग की कार्रवाई से दुकान संचालक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
फूड इंस्पेक्टर जयप्रकाश तिवारी ने फोन पर बताया कि दुकान से सैंपल लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में जुर्माना किए जाने के बावजूद यदि दोबारा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो विभाग नियमानुसार कार्रवाई करेगा। फिलहाल मिठाइयों के सैंपल की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मिठाइयां खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरी उतरती हैं या नहीं।