डीएम व एएसपी ने किया मिशन शक्ति 6.0 का शंखनाद,सशक्तीकरण का संदेश

     डीएम व एएसपी ने किया मिशन शक्ति 6.0 का शंखनाद
– रैली से दिया नारी सशक्तीकरण का संदेश
फोटो परिचय-  रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करतीं डीएम व साथ में एएसपी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जिले में मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 का आगाज हुआ। सोमवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स व अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली में पुलिस अधिकारियों, महिला पुलिस कर्मियों और विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने हिस्सा लेकर महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया। रैली के जरिए महिलाओं व बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही आमजन से महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने तथा उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने में सहयोग की अपील की गई। अभियान के तहत पुलिस विभाग की महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, सहायता सेवाओं और प्रोबेशन कार्यालय के अंतर्गत संचालित वन स्टॉप सेंटर की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी, ताकि जरूरतमंद महिलाएं समय पर सहायता प्राप्त कर सकें। इसके अलावा शासन की महिला एवं बालिका कल्याणकारी योजनाओं, कानूनी अधिकारों व स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं का भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा। मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत जागरूकता रैली के साथ गोष्ठियों, स्कूटी रैली और अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य समाज में महिला सुरक्षा व सम्मान के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के साथ महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर, मिशन शक्ति प्रभारी, महिला थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और छात्राएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *