पोल्ट्री कानक्लेव तीन को, उद्यमियों को मिलेगा मंच

 पोल्ट्री कानक्लेव तीन को, उद्यमियों को मिलेगा मंच
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जनपद में कुक्कुट पालन (पोल्ट्री फार्मिंग) को बढ़ावा देने और इस क्षेत्र में नए निवेश के अवसर विकसित करने के उद्देश्य से आगामी तीन दिसंबर को एक दिवसीय जिला स्तरीय पोल्ट्री कानक्लेव एवं कुक्कुट निवेश सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। पशुपालन विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में पोल्ट्री फार्मरों, उद्यमियों और इस व्यवसाय को शुरू करने के इच्छुक लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। सम्मेलन में सरकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी देने के साथ ही आधुनिक एवं वैज्ञानिक पोल्ट्री प्रबंधन के तौर-तरीकों से भी अवगत कराया जाएगा।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि निदेशक प्रशासन एवं विकास, पशुपालन विभाग के निर्देशों के क्रम में कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कुक्कुट विकास नीति-2022 के तहत प्रदेश में निवेश बढ़ाने, पोल्ट्री क्षेत्र का समग्र विकास करने तथा सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करना सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में पोल्ट्री फार्म संचालकों और उद्यमियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी तथा व्यवसाय से जुड़ी चुनौतियों और उनके समाधान पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन में प्रत्येक तहसील से एक सफल पोल्ट्री उद्यमी की सफलता की कहानी भी प्रस्तुत की जाएगी। उन्होने संबंधित अधिकारियों से निर्धारित पंजीकरण प्रारूप पर प्रतिभागियों का विवरण तीन दिन के भीतर कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा है, जिससे सम्मेलन की रूपरेखा, समय-सारिणी और अन्य व्यवस्थाएं समय से पूरी की जा सकें। विभाग को उम्मीद है कि इस आयोजन से जनपद में पोल्ट्री व्यवसाय को नई दिशा मिलेगी और युवाओं के लिए स्वरोजगार एवं निवेश के नए रास्ते खुलेंगे।
——————————— — 
गांवों से स्कूलों तक विकास को मिलेगी रफ्तार, 1113.85 लाख से होंगे निर्माण कार्य
– 646 विद्यालयों में बच्चों को मिलेंगी डेस्क-बेंच, शौचालय, पेयजल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने व शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़े स्तर पर विकास कार्य कराए जाएंगे। क्षेत्र पंचायत एवं ग्राम पंचायतों में प्रशासक काल लागू होने के बाद जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों के विकास के लिए करोड़ों रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं विकसित करने के लिए ग्राम पंचायतों में 160 निर्माण कार्यों पर 536.07 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय, दिव्यांग शौचालय, रनिंग वाटर और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा कक्षा-कक्षों में टाइलीकरण, विद्यालय परिसर में इंटरलॉकिंग तथा चहारदीवारी का निर्माण एवं मरम्मत कराई जाएगी। वहीं, 646 विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के बैठने की बेहतर व्यवस्था के लिए डेस्क-बेंच की आपूर्ति पर पंचम वित्त एवं केंद्रीय वित्त आयोग की योजनाओं के तहत 492.54 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा। इसी क्रम में क्षेत्र पंचायतों के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की सूरत भी बदली जाएगी। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत सात निर्माण कार्यों के लिए 85.24 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस धनराशि से स्वास्थ्य केंद्रों में बाउंड्रीवाल, मरम्मतीकरण, रंगाई-पुताई, इंटरलॉकिंग और लेबर रूम सहित आवश्यक कार्य कराए जाएंगे। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि स्वीकृत कार्यों को क्षेत्र पंचायत एवं ग्राम पंचायतों के माध्यम से नियमानुसार कराया जा रहा है। इन कार्यों के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलने के साथ ही बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
———————————
उद्योग व्यापार मण्डल की सभी इकाइयां भंग
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। उद्योग व्यापार मण्डल उत्तर प्रदेश पिछले अनेक वर्षों से व्यापारी हितों में कार्य कर रही हैं। सोसाइटी रजिस्ट्रार की समयाअवधि पूर्ण हो जाने के कारण तत्काल प्रभाव से समस्त इकाइयां भंग कर दी गई। यह जानकारी देते हुए संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने बताया कि संगठन से जुड़े जिलाध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, युवा अध्यक्ष व तहसील कस्बों ग्रामों के अध्यक्ष को पद मुक्त कर दिया गया है। शीघ्र ही सोसाइटी रजिस्ट्रार से रिनीवल उपरान्त नई कार्यकारिणी का विस्तार कर पदों पर नवीन पदाधिकारियों को जोड़ते हुए संगठन का विस्तार किया जाएगा। विस्तार उपरान्त संगठन की सदस्यता राशि तय की जायेगी व व्यापारी हितों में कार्य करने की रणनीति तय की जायेगी। माह दिसम्बर में नई कार्यकारणी विस्तार की योजना विस्तारित की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *