बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित,
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित,
हमीरपुर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, अधिकारियों और नागरिकों ने ली शपथ
बाल विवाह को सामाजिक कुरीति ही नहीं, कानूनी अपराध बताते हुए बच्चों के अधिकारों, शिक्षा और सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ हमीरपुर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से शुक्रवार को जनपद में बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान के तहत विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में साई ज्योति संस्थान द्वारा होटल पूजा, अमन शहीद में आयोजित कार्यक्रम में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। कार्यक्रम में वंदना अग्रवाल ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के मौलिक अधिकारों के हनन के साथ उनके शारीरिक, मानसिक और शैक्षिक विकास में बड़ी बाधा है। इसका सबसे अधिक प्रतिकूल प्रभाव बालिकाओं के जीवन पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। इसके लिए स्कूलों, ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सामाजिक संगठनों को मिलकर जागरूकता फैलानी होगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें और इस कुप्रथा को रोकने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। शिविर में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल अधिकारों, बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा तथा कम उम्र में विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और इसे रोकने के लिए समाज की भागीदारी बेहद जरूरी है। इस दौरान ‘उत्तर प्रदेश ने ठाना है, प्रदेश को बाल विवाह मुक्त बनाना है’ का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में बाल विवाह, बाल शोषण अथवा किसी संकट की स्थिति में सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112 और निःशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 की जानकारी भी दी गई। शिविर के समापन पर अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवियों और नागरिकों ने बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण तथा बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से शपथ ली। इस मौके पर पीएलवी छाया प्रजापति, हुमैरा खातून, महिला कल्याण विभाग की दीप्ति अग्निहोत्री, महिला सशक्तिकरण केंद्र हब की जिला समन्वयक शशि तिवारी, कृष्ण गोपाल तिवारी, एएचटीयू थानाध्यक्ष राकेश यादव, उपनिरीक्षक राजबहादुर यादव सहित साई ज्योति संस्थान के पदाधिकारी, शिक्षक, छात्राएं और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।