पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा, पात्र मतदाताओं के पंजीकरण पर जोर

      पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा, पात्र मतदाताओं के पंजीकरण पर जोर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। मंगलवार को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 243- खागा में बीएलओ एवं सुपरवाइजरों के साथ बैठक आयोजित कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम अश्वनी पांडेय ने की। इस दौरान मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने तथा सभी पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में विशेष रूप से फॉर्म-6 के माध्यम से नए पात्र मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया पर चर्चा की गई। एसडीएम ने बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि पुनरीक्षण कार्य को पूरी सजगता, गंभीरता व जिम्मेदारी के साथ पूरा करें। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए घर-घर संपर्क कर पात्र लोगों की पहचान करने तथा उन्हें पंजीकरण के लिए जागरूक करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। एसडीएम ने बीएलओ ऐप पर की जाने वाली कार्यवाही की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐप पर सभी आवश्यक सूचनाएं समय से दर्ज की जाएं और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण करने तथा कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए इसकी शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखना सभी संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर कार्य करें, ताकि पुनरीक्षण अभियान के उद्देश्य को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *