कक्षा सात की छात्रा प्रतीक्षा बनीं एक दिन की प्रतीकात्मक जिलाधिकारी, सुनीं फरियादियों की समस्याएं
डीएम समीर ने अपनी कुर्सी पर बैठाकर बढ़ाया आत्मविश्वास, प्रतीक्षा ने जताई आईएएस या पीसीएस अधिकारी बनने की इच्छा
दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ जालौन। मिशन शक्ति के तहत बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से एक प्रेरणादायी पहल की गई।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मडोरा की कक्षा सात की छात्रा प्रतीक्षा को एक दिन के लिए प्रतीकात्मक जिलाधिकारी बनाया गया। इस दौरान छात्रा ने जनसुनवाई में फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी समीर ने छात्रा का बुके भेंट कर स्वागत किया और अपनी कुर्सी पर बैठाकर उसका उत्साहवर्धन किया। प्रतीकात्मक जिलाधिकारी की भूमिका निभाते हुए प्रतीक्षा को प्रशासनिक कार्यप्रणाली समझने और आम लोगों की समस्याओं से रूबरू होने का अवसर मिला।
इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर प्रतीक्षा ने कहा कि वह मन लगाकर पढ़ाई करेंगी और कड़ी मेहनत के दम पर आईएएस या पीसीएस अधिकारी बनकर देश और समाज की सेवा करना चाहती हैं। उनके इस संकल्प ने बालिकाओं की शिक्षा और आत्मनिर्भरता के महत्व को रेखांकित किया। जिलाधिकारी समीर ने छात्रा के उत्साह और प्रतिभा की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



