योगी सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को धरातल पर उतार रहीं डॉ. जागृति सिंह

     योगी सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को धरातल पर उतार रहीं डॉ. जागृति सिंह
– जिला अस्पताल में प्रतिदिन सैकड़ों मरीजों का निःशुल्क इलाज, गरीब मरीजों के लिए बनीं मददगार
फोटो परिचय-  डा. जागृति सिंह।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। प्रदेश की योगी सरकार की ओर से आमजन को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए संचालित योजनाओं का लाभ जिला अस्पताल में मरीजों तक पहुंचाने में चिकित्सकों की भूमिका अहम है। इसी क्रम में जिला अस्पताल में तैनात डॉ. जागृति सिंह द्वारा प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीजों का निःशुल्क परीक्षण एवं उपचार किए जाने की चर्चा मरीजों के बीच बनी हुई है। बताया जा रहा है कि प्रतिदिन करीब 150 से 200 मरीज उपचार के लिए उनके पास पहुंचते हैं, जहां उनकी समस्या सुनकर आवश्यक जांच व दवाओं के संबंध में उचित सलाह दी जाती है।


गरीब व जरूरतमंद मरीजों के लिए डॉ. जागृति सिंह की पहल विशेष रूप से मददगार साबित हो रही है। मरीजों का कहना है कि जिला अस्पताल में उन्हें बेहतर उपचार के साथ ही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को समझने व आवश्यक जांच कराने में भी सहयोग मिलता है। जिला अस्पताल में उपचार कराने पहुंचे गरीब तकसीम उर्फ मानू ने बताया कि वह किडनी में पथरी की समस्या से परेशान थे। उन्होंने डॉ. जागृति सिंह से उपचार कराया और उनके द्वारा दी गई दवाओं के सेवन के बाद पथरी निकल गई। मरीज ने चिकित्सक का आभार जताते हुए कहा कि सही समय पर उपचार मिलने से उसे काफी राहत मिली। इसी तरह ग्राम बेती निवासी राजेश पासवान ने बताया कि उनकी माताजी काफी समय से सिर दर्द की समस्या से परेशान थीं। कई प्रयासों के बाद भी उन्हें आराम नहीं मिल रहा था। राजेश के मुताबिक डॉ. जागृति सिंह ने उनकी माता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए निःशुल्क सीटी स्कैन कराया और अस्पताल परिसर से आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। उपचार के बाद उनकी माता की हालत में सुधार हुआ। थरियांव निवासी फराज अहमद ने बताया कि उन्हें सीने में दर्द की शिकायत रहती थी। इसको लेकर वह काफी चिंतित थे। डॉ. जागृति सिंह ने उनकी जांच कराते हुए ईसीजी कराया। जांच के बाद उन्हें बताया गया कि हृदय संबंधी गंभीर समस्या के लक्षण नहीं हैं और गैस की समस्या के कारण दर्द हो सकता है। चिकित्सकीय सलाह व उपचार से उन्हें राहत मिलने की उम्मीद है। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों का कहना है कि डॉ. जागृति सिंह मरीजों की समस्याओं को सुनने के साथ ही उन्हें आवश्यक जांच और उपचार के संबंध में मार्गदर्शन देती हैं। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की पहल को लोग सकारात्मक रूप से देख रहे हैं। डॉ. जागृति सिंह द्वारा मरीजों के हित में किए जा रहे कार्यों को देखते हुए कुछ सामाजिक संगठनों द्वारा जल्द ही उनका सम्मान किए जाने की तैयारी की जा रही है। हालांकि सम्मान कार्यक्रम की तिथि एवं आयोजन की औपचारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *