खाद की किल्लत दूर करने की पहल, जनपद को मिली 4077 मीट्रिक टन डीएपी
खाद की किल्लत दूर करने की पहल, जनपद को मिली 4077 मीट्रिक टन डीएपी
जालौन में खाद की किल्लत दूर करने की पहल, जनपद को मिली 4077 मीट्रिक टन डीएपी
डीएम समीर के प्रयास से शासन ने उपलब्ध कराई खाद की रैक, 1523 मीट्रिक टन डीएपी समितियों को भेजने की तैयारी
डीएपी 1350 रुपये और यूरिया 266.50 रुपये प्रति बोरी मिलेगी, निर्धारित दर से अधिक वसूली पर किसान कर सकते हैं शिकायत
दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ जालौन। रबी फसलों की बुवाई के बीच किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। जिलाधिकारी समीर के प्रयासों से उत्तर प्रदेश शासन ने जनपद के लिए आईपीएल कंपनी की 4077 मीट्रिक टन डीएपी की रैक उपलब्ध कराई है। इसमें से 1523 मीट्रिक टन डीएपी 17 अक्टूबर को साधन सहकारी समितियों को आपूर्ति के लिए उपलब्ध कराई गई। प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि रैक प्वाइंट से खाद सीधे समितियों तक पहुंचाई जाए, जिससे किसानों को खाद प्राप्त करने में आसानी हो। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि खाद की बिक्री पीओएस मशीन के माध्यम से निर्धारित दरों पर ही की जाएगी। डीएपी की 50 किलोग्राम की बोरी 1350 रुपये और यूरिया की बोरी 266.50 रुपये में उपलब्ध होगी। खाद खरीदने के लिए किसानों को आधार कार्ड, खतौनी और फार्मर आईडी की आवश्यकता होगी।
फसलों के अनुसार खाद के इस्तेमाल की सलाह
कृषि वैज्ञानिकों की संस्तुति के अनुसार गेहूं और जौ की फसल के लिए प्रति हेक्टेयर तीन बोरी डीएपी और छह बोरी यूरिया की मात्रा बताई गई है। वहीं, चना, मटर और मसूर की फसल के लिए प्रति हेक्टेयर तीन बोरी डीएपी और एक बोरी यूरिया की मात्रा निर्धारित की गई है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे कृषि विशेषज्ञों की संस्तुति के अनुसार ही खाद का इस्तेमाल करें। समस्या होने पर इन नंबरों पर करें संपर्क खाद वितरण में किसी प्रकार की समस्या होने पर किसान सहकारी समितियों के मोबाइल नंबर 07818921432 और 09756035257 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के नंबर 08858222253, 08317041767, 07839882812 और 09450072937 पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। जिलाधिकारी समीर ने किसानों को आश्वस्त किया कि जनपद में खाद की आपूर्ति लगातार जारी रहेगी और इसकी कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने किसानों से अनावश्यक भीड़ न लगाने, अफवाहों से बचने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।