साइबर ठगी की रकम इधर-उधर करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
साइबर ठगी की रकम इधर-उधर करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
साइबर ठगी की रकम इधर-उधर करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
– नौ राज्यों में दर्ज मिलीं नौ शिकायतें, 4.77 करोड़ रुपए की ठगी की रकम से जुड़ा मामला
फोटो परिचय- टीम की गिरफ्त में दोनों आरोपी। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराने और उनके माध्यम से साइबर ठगी की रकम इधर से उधर स्थानांतरित करने वाले गिरोह का जनपदीय साइबर सेल ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन, एक चेकबुक, तीन एटीएम कार्ड और दो पासबुक बरामद की हैं। एनसीआरपी पोर्टल पर अलग-अलग राज्यों से संबंधित साइबर ठगी की नौ शिकायतें सामने आई हैं। इन शिकायतों में कुल चार करोड़ 77 लाख 37 हजार 216 रुपये की ठगी की रकम शामिल है।
समन्वय पोर्टल पर प्राप्त साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों के संबंध में संदिग्ध बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी क्रम में जनपदीय साइबर सेल ने 17 अक्टूबर को जुटाए गए अभिलेखीय एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि आरोपित विभिन्न बैंकों में म्यूल बैंक खाते खुलवाकर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों के माध्यम से साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि का हस्तांतरण किया जाता था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अनूप पटेल उर्फ बलजीत पुत्र रघुवीर निवासी परसदेपुर थाना औंग व लवकुश पुत्र श्रीलाल निवासी उमरापुर थाना मलवां के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि साइबर ठगी से प्राप्त रकम को आगे स्थानांतरित करने के लिए वे अपने बैंक खाते किराये पर देते थे। इसके बदले उन्हें ठगी की रकम में से हिस्सा मिलता था। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक आईफोन-16, एक वीवो टी2एक्स व एक टेक्नो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक चेकबुक, तीन एटीएम कार्ड, दो पासबुक बरामद की हैं। पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना किया।