नवरात्र पर कन्या पूजन के साथ गूंजे मां के जयकारे

  नवरात्र पर कन्या पूजन के साथ गूंजे मां के जयकारे
फोटो परिचय-  कन्या भोज में शामिल कन्याएं।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर शहर में मां दुर्गा की आराधना व भक्ति की बयार बह रही है। जगह-जगह सजे देवी पंडालों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालु मां दुर्गा की भक्ति में लीन हैं। नवरात्र के अंतिम दिनों में कन्या पूजन व कन्या भोज के आयोजनों की भी धूम है। इसी क्रम में शहर के आबूनगर स्थित जिला उद्योग केंद्र कार्यालय के सामने अजिता प्रजापति के आवास पर कन्या भोज का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में कन्याओं को आमंत्रित कर उनका विधि-विधान से पूजन किया गया और श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया। कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनके चरण पूजन के साथ तिलक लगाया गया। इसके बाद उन्हें भोजन कराकर धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी सहभागिता की और नवरात्र के पावन अवसर पर मां दुर्गा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, नवरात्र में कन्या पूजन और भोज का विशेष महत्व है। भक्त इस आयोजन के माध्यम से मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के प्रति श्रद्धा अर्पित करते हैं। अजिता प्रजापति के आवास पर आयोजित कन्या भोज के दौरान श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। कन्याओं को भोजन कराने के साथ उनके सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *