नगर निकाय ने शिक्षक आनंद मिश्र को किया सम्मानित
– नगर निकाय के सभागार में हुआ भव्य समारोह
फोटो परिचय- शिक्षक को सम्मानित करतीं चेयरमैन व ईओ। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। नगर पंचायत सभागार में शनिवार अपराह्न आयोजित एक गरिमामय समारोह में ऐरायां ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मलूकपुर के शिक्षक एवं वर्ष 2025 के राज्य अध्यापक पुरस्कार विजेता आनंद कुमार मिश्र को प्रतिष्ठित शिक्षा रत्न सम्मान से अलंकृत किया गया। बेसिक शिक्षा के उन्नयन, अभिनव प्रयोगों, उत्कृष्ट समाजसेवा तथा वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के अप्रतिम योगदान के लिए नगर पंचायत प्रशासन द्वारा उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद शिक्षक आनंद कुमार मिश्र ने कहा कि शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर मातृशक्ति के हाथों यह सम्मान पाकर स्वयं को अत्यंत अभिभूत महसूस कर रहा हूँ। नगर निकाय की स्थापना के सौवें वर्ष में यह सम्मान प्राप्त होने से इसका गौरव और ऐतिहासिक महत्व मेरे लिए कई गुना बढ़ गया है। समारोह को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह ने कहा कि आनंद कुमार मिश्र ने अपने अभिनव शिक्षण और निस्वार्थ समाजसेवा से न केवल नगर बल्कि पूरे जनपद का मान बढ़ाया है। बुनियादी शिक्षा में उनका समर्पण समाज के लिए एक अनूठी मिसाल है। वहीं अधिशासी अधिकारी देवहूती पांडेय ने कहा कि नगर के गौरवशाली नागरिक और शिक्षक को सम्मानित करना पूरे निकाय परिवार के लिए गर्व का क्षण है। शिक्षा के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का उनका प्रयास बेहद सराहनीय है। इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री विजय त्रिपाठी सहित अन्य शिक्षक तथा निकायकर्मी उपस्थित रहे।