ज्ञान को ताकत, ईमानदारी को पहचान व न्याय को बनाएं जीवन का लक्ष्य
ज्ञान को ताकत, ईमानदारी को पहचान व न्याय को बनाएं जीवन का लक्ष्य
वकालत सिर्फ पेशा नहीं, न्याय व इंसाफ की जिम्मेदारी है: आदिल
– ज्ञान को ताकत, ईमानदारी को पहचान व न्याय को बनाएं जीवन का लक्ष्य
फोटो परिचय- युवा अधिवक्ता मो0 आदिल। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। न्याय की लड़ाई में अधिवक्ता की कलम, उसके तर्क व उसका चरित्र सबसे बड़ी ताकत होते हैं। वकालत केवल मुकदमों की पैरवी करने या पेशेवर सफलता हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि पीड़ितों को न्याय दिलाने, कमजोरों की आवाज बनने और संविधान के मूल्यों की रक्षा करने का महत्वपूर्ण दायित्व है।
यह कहना है युवा अधिवक्ता मो. आदिल एडवोकेट का। संवाददाता से विशेष बातचीत के दौरान उन्होंने युवा अधिवक्ताओं को संदेश देते हुए कहा कि वकालत के क्षेत्र में वही अधिवक्ता लंबी पारी खेलता है, जिसकी पहचान उसके ज्ञान, तर्कों की मजबूती, ईमानदारी और न्याय के प्रति समर्पण से होती है। मोहम्मद आदिल एडवोकेट ने कहा कि युवा अधिवक्ताओं के कंधों पर न्याय व्यवस्था की गरिमा बनाए रखने के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का भी दायित्व है। वकालत के शुरुआती दौर में युवा अधिवक्ताओं को धैर्य के साथ अपने ज्ञान व अनुभव को बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। सफलता रातोंरात नहीं मिलती, बल्कि इसके लिए निरंतर अध्ययन, कठिन परिश्रम और अनुभव की आवश्यकता होती है।
वरिष्ठ अधिवक्ताओं के अनुभवों से सीखना, न्यायालय की कार्यप्रणाली को समझना और प्रत्येक मुकदमे की बारीकियों का अध्ययन करना एक अच्छे अधिवक्ता के व्यक्तित्व को निखारता है। मो. आदिल एडवोकेट ने कहा कि वर्तमान समय में कानूनी क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है। ऐसे में युवा अधिवक्ताओं के लिए कानून की गहरी समझ के साथ नए कानूनी प्रावधानों, महत्वपूर्ण न्यायिक निर्णयों और आधुनिक तकनीक की जानकारी रखना भी जरूरी है। केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि उस ज्ञान को व्यावहारिक रूप से लागू करने की क्षमता भी विकसित करनी होगी। उन्होने युवा अधिवक्ताओं को संदेश देते हुए कहा कि आपसी प्रतिस्पर्धा के दौर में भी सहकर्मियों के प्रति सम्मान व सहयोग की भावना बनाए रखना जरूरी है।