सरदार पटेल की विरासत पर सियासी रार: Amit Shah ने लगाया इतिहास से मिटाने का आरोप, कांग्रेस का पलटवार- ‘आप खुद कर रहे हैं लौह पुरुष का अपमान’

नई दिल्ली: राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर देश के पहले उप-प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की विरासत को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah द्वारा कांग्रेस पर लगाए गए आरोपों के बाद अब मुख्य विपक्षी दल ने भी इस पर कड़ा एतराज जताया है।

अमित शाह ने कांग्रेस को घेरा
लौह पुरुष की 151वीं जयंती के अवसर पर बोलते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक सरदार पटेल को वह सम्मान नहीं दिया गया, जिसके वे हकदार थे। शाह ने सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा सरदार साहब के योगदान को छोटा करने और उन्हें देश की यादों से ओझल करने की कोशिश की। गृह मंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का निर्माण करवाया, जिसके जरिए आज पूरा देश सरदार पटेल के असाधारण व्यक्तित्व और अखंड भारत के निर्माण में उनके योगदान से परिचित हो रहा है।
सलमान खुर्शीद का तीखा पलटवार
अमित शाह के इन आरोपों पर जवाब देते हुए कांग्रेस के दिग्गज नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि इस तरह की राजनीति करके बीजेपी नेता खुद सरदार पटेल जैसी महान शख्सियत के सम्मान को कम कर रहे हैं। खुर्शीद ने कहा, “हमारी पार्टी सरदार पटेल के सिद्धांतों, उनके विचारों और देश के लिए किए गए उनके कामों के प्रति पूरी तरह समर्पित है। हमारा हमेशा से यह मानना रहा है कि देश के निर्माण में सरदार साहब का स्थान उतना ही सर्वोच्च है, जितना किसी भी अन्य महान राष्ट्रनायक का।”
कांग्रेस नेता ने गृह मंत्री के बयानों पर हैरानी जताते हुए कहा कि यह बात समझ से परे है कि राष्ट्रीय एकता के इस पावन अवसर पर भी वे इस तरह की बातें क्यों कर रहे हैं। ऐसी बयानबाजी से सिर्फ और सिर्फ सरदार पटेल की छवि को ही नुकसान पहुंचता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *