डीएपी खाद किल्लत व धान खरीद में मनमानी पर जताई नाराजगी
डीएपी खाद किल्लत व धान खरीद में मनमानी पर जताई नाराजगी
भाकियू अराजनैतिक की मासिक बैठक में भड़के किसान
– डीएपी खाद किल्लत व धान खरीद में मनमानी पर जताई नाराजगी
फोटो परिचय- नहर कालोनी में बैठक करते भाकियू अराजनैतिक के पदाधिकारी। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की मासिक बैठक बुधवार को शहर स्थित नहर कॉलोनी के निरीक्षण भवन में जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में किसानों की समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में किसानों ने कहा कि सहकारी समितियों में प्रति फार्मर आईडी पर केवल दो बोरी डीएपी खाद दी जा रही है, जबकि शासन के आदेश के अनुसार प्रति हेक्टेयर पांच बोरी डीएपी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। किसानों ने मांग की कि खाद वितरण व्यवस्था की जांच कराई जाए व पात्र किसानों को नियमानुसार खाद उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही निजी दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद बेचे जाने का आरोप लगाते हुए नियमित जांच कराने और अनियमितता मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई। धान खरीद को लेकर किसानों ने कहा कि क्रय केंद्रों को जल्द चालू कर प्राथमिकता के आधार पर किसानों का धान खरीदा जाए। किसानों का आरोप है कि व्यापारी मोटे धान की खरीद महज 1700 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कर रहे हैं, जबकि धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। ऐसे में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर समर्थन मूल्य के अनुरूप खरीद सुनिश्चित कराने की मांग की। खागा मंडी समिति व बिंदकी मंडी समिति में मंडी शुल्क के नाम पर किसानों से चार प्रतिशत कमीशन लिए जाने का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। इस वसूली की जांच कराकर नियमों के विपरीत वसूली पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान राजकुमार सिंह गौतम, प्रीतम सिंह, छोटे सिंह, महेंद्र सिंह भदौरिया, दीपक गुप्ता, पुत्तन द्विवेदी, अंगद सिंह, सोनू सिंह, बहुआ, दिनेश सिंह, मोहम्मद आजम, राजू सिंह, रवि मौर्य, शिवदेस मौर्य, प्रमोद सिंह, राहुल सिंह सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।