दशहरा पर धूं-धंूकर जला अहंकारी रावण, उमड़े लोग, निभाई सहभागिता
दशहरा पर धूं-धंूकर जला अहंकारी रावण, उमड़े लोग, निभाई सहभागिता
दशहरा पर धूं-धूंकरजला अहंकारी रावण, उमड़े लोग
– बिंदकी में डीएम-एसपी समेत दो विधायकों ने निभाई सहभागिता
फोटो परिचय- अयोध्या कुटी मेला मैदान में धूं-धूंकर जलते रावण, मेघनाथ व कुंभकरण के पुतले। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बुराई पर अच्छाई का प्रतीक दशहरा पर्व जिले भर में धूमधाम से मनाया गया। शहर के अयोध्या कुटी मेला मैदान में जहां विशालकाय रावण के पुतले का दहन हुआ वहीं शहर के अलग-अलग स्थानों पर भी बनाए गए रावण के पुतले को आग के हवाले किया गया। उधर बिन्दकी नगर के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में भी रावण दहन कार्यक्रम हुआ। बिंदकी नगर में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक समेत विधायकों ने सहभागिता निभाई। मेले में बच्चों व महिलाओं ने आनंद उठाया।
शहर के कालिकन रोड अयोध्या कुटी मेला मैदान में पूर्व विधायक विक्रम सिंह की ओर से मेला व रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मैदान में विशालकाय रावण, मेघनाथ व कुंभकरण के पुतले बनाए गए। निर्धारित समय पर भगवान श्रीराम ने रावण, कुंभकरण व मेघनाथ के पुतले पर तीर चलाया और तीनों पुतले आग के हवाले हो गए। रंग-बिरंगी आतिशबाजी से माहौल बन गया। उपस्थित लोगों ने भगवान श्रीराम के जयकारे लगाए। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राजकुमार मौर्य एडवोकेट सहित तमाम गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। उधर बिंदकी कस्बे के श्री रामलीला मैदान में ऐतिहासिक दशहरा महोत्सव के तीसरे दिन मेले में भारी भीड़ जुटी। रामलीला मैदान में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम व उनकी सेना तथा दूसरे पक्ष से अहंकारी रावण व उनकी सेना के बीच जमकर युद्ध हुआ। रात करीब आठ बजे प्रभु श्री राम ने अहंकारी रावण का वध किया। दशहरा महोत्सव की परंपरा के अनुसार मौजूद डीएम निधि गुप्ता वत्स, एसपी अभिमन्यु मांगलिक के आदेश के बाद अहंकारी रावण के पुतले का दहन किया गया। पुतला दहन होने के बाद पूरा मेला मैदान जय-जय श्री राम के नारे से गूंज गया। कार्यक्रम के दौरान बिन्दकी विधायक जयकुमार सिंह जैकी, जहानाबाद विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल के अलावा गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।