दुर्गा पंडाल की लाइट खोलते समय करंट से युवक की मौत

 दुर्गा पंडाल की लाइट खोलते समय करंट से युवक की मौत
– पिता ने शराब पिलाकर काम कराने का लगाया आरोप

गूगल से लिया गया चित्र
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। दुर्गा पंडाल की बिजली की लाइट खोलना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। बिजली का तार खोलते समय करंट की चपेट में आने से 25 वर्षीय इलेक्ट्रिकल टेक्नीशियन की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक के पिता ने गांव के ही एक व्यक्ति पर शराब पिलाकर बिजली का काम कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार खागा कोतवाली क्षेत्र के ईंट गांव निवासी यासीन सलमानी का 25 वर्षीय पुत्र फैसल सलमानी इलेक्ट्रिकल का काम करता था। गांव में दुर्गा पंडाल लगाया गया था। आरोप है कि गांव के ही पन्ना नामक व्यक्ति के बुलाने पर फैसल पंडाल में लगी लाइट व बिजली के तार खोलने गया था। इसी दौरान तार खोलते समय वह अचानक करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में परिजन उसे हरदो स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता यासीन सलमानी ने आरोप लगाया कि उनका बेटा इलेक्ट्रिकल का काम करता था। इसी वजह से गांव के पन्ना नामक व्यक्ति ने उसे दुर्गा पंडाल की लाइट खोलने के लिए बुलाया था। बेटे को शराब पिलाने के बाद बिजली का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
————————————  
   रिंद नदी में डूबे किशोर का तीन दिन बाद शव बरामद
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज  फतेहपुर। विगत तीन दिन पूर्व मूर्ति विसर्जन के दौरान रिंद नदी में डूबे 16 वर्षीय किशोर का शव 36 घंटे बाद गुरूवार की सुबह रेस्क्यू टीम ने बरामद करते हुए विच्छेदन गृह भेजा।
बताते चलें कि जहानाबाद थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी अरविंद कुमार का पुत्र अभिषेक तीन दिन पूर्व मूर्ति विसर्जन में रिंद नदी गया था। इसी दौरान वह नदी में डूब गया। काफी देर बाद जब वह नदी से नहीं निकला तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। पुलिस ने गोताखोरों को खोज में लगा दिया, लेकिन कोई सुराग न मिला। गुरूवार की सुबह घटनास्थल से लगभग दो सौ मीटर दूर पुल के पास शव को गोताखोरों ने बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
————————————– 
 एचटी लाइन के करंट से युवक की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज  फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम ऊबीपुर के समीप बुधवार की शाम मूर्ति विसर्जन के दौरान एचटी लाइन की चपेट में आ जाने से 48 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के रामपिलही गांव निवासी फुदाली का पुत्र पुत्तन बुधवार की शाम मूर्ति विसर्जन के लिए जा रहा था। तभी ऊबीपुर के समीप एचटी लाइन में मूर्ति छू जाने से करंट की चपेट में आ गया जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
————————————– —–
सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज  फतेहपुर। चांदपुर थाना क्षेत्र के अमौली के समीप बुधवार की शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से 24 वर्षीय बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार भगलापुर गांव निवासी वीर सिंह का पुत्र बीलू सिंह बाइक से कानपुर से घर आ रहा था। बताते हैं कि जैसे ही वह अमौली के पास पहुंचा तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाबत जानकारी पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के चाचा वीरेन्द्र ने दी है।
———————————— —–
 बाइक से गिरकर युवक की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के ग्राम नया डेरा में बुधवार की शाम बाइक में बैठते समय 44 वर्षीय युवक अचानक नीचे गिर गया और उसकी कुछ देर बाद मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार नया डेरा गांव निवासी श्रीपाल का पुत्र मुन्नीलाल बाइक में बैठते ही अचानक नीचे गिर गया और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के पुत्र छेद्दू ने बताया कि उसका पिता चढ़ाई चढ़कर नीचे आया था और जैसे ही बाइक में बैठा अचानक नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *