रेवाड़ी बुजुर्ग में गूंजा शिव महिमा का संदेश, भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

  रेवाड़ी बुजुर्ग में गूंजा शिव महिमा का संदेश
– स्वामी जी के प्रवचनों से भाव-विभोर हुए श्रद्धालु
फोटो परिचय- कथा में प्रवचन करते महामंडलेश्वर स्वामी श्री आत्मानंद गिरि जी महाराज।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। मलवां विकास खंड के अंतर्गत रेवाड़ी बुजुर्ग स्थित सब्जी मंडी में नवयुवक जागरण मंच के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित रजत जयंती महोत्सव के अंतर्गत नौ दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा एवं रामलीला महोत्सव श्रद्धा व भक्ति के साथ आयोजित किया जा रहा है। कथा में महामंडलेश्वर, जूना अखाड़ा के स्वामी श्री आत्मानंद गिरि जी महाराज के मुखारबिंद से श्रद्धालु श्री शिव महापुराण की अमृतमयी कथा का रसपान कर रहे हैं।

कथा के दौरान स्वामी जी ने भगवान शिव की महिमा, उनकी दिव्य लीलाओं, शिव-पार्वती विवाह प्रसंग, भगवान शिव की आराधना के महत्व तथा सच्ची भक्ति व आध्यात्मिक जीवन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिव महापुराण में वर्णित प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, सदाचार, सेवा, परोपकार और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कथा में भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा रखने, अहंकार का त्याग करने तथा जीवन में सत्य और धर्म का पालन करने के महत्व को भी रेखांकित किया गया। महामंडलेश्वर जी के प्रवचनों से कथा पंडाल भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो रहा है। श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ कथा का श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं। भगवान शिव के जयकारों से आयोजन स्थल का वातावरण शिवमय बना हुआ है। कथा में डॉ० प्रशांत पाण्डेय, रमाकान्त, पीयूष, रवि मिश्रा, अंकित, ऋतिक सहित सैकड़ो की संख्या में भक्त उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *