करवा चौथ के दिन विवाहिता ने दी जान उठा मां का साया, मचा कोहराम
करवा चौथ के दिन विवाहिता ने दी जान उठा मां का साया, मचा कोहराम
करवा चौथ के दिन विवाहिता ने दी जान – तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया, मचा कोहराम एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। जिस करवा चौथ पर सुहागिनें पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं, उसी दिन खागा कोतवाली क्षेत्र के पुरइन गांव में एक विवाहिता की मौत से परिवार में मातम छा गया। गुरुवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद पति बच्चों को स्कूल छोड़ने चला गया। इसी दौरान 32 वर्षीय सुमन देवी ने घर की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। तीन बच्चों के सिर से मां का साया उठने से गांव में भी शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पुरइन गांव निवासी विमलेश चौहान खागा पावर हाउस में मजदूरी करता है। गुरुवार सुबह किसी बात को लेकर विमलेश और उसकी पत्नी सुमन देवी के बीच कहासुनी हो गई थी। इसके बाद विमलेश अपने तीन बच्चों कृष्णा, मानव और पायल को स्कूल छोड़ने चला गया। बताया जा रहा है कि उसके घर से जाने के बाद सुमन दूसरी मंजिल पर बने कमरे में चली गई और आत्महत्या कर ली। स्कूल से लौटने पर पति को घटना की जानकारी हुई तो उसने तत्काल स्वजन और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मझिलगांव चौकी से उपनिरीक्षक प्रभाष चंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा व पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका का मायका हुसेनगंज थाना क्षेत्र के मकनपुर गांव में बताया गया है। कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ————————————- ——-
वृक्षारोपण के साक्ष्य जमा कर चौदह तक छुड़ाएं एनएससी – नहीं तो जब्त होगी जमानत राशि एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। वन विभाग से जनवरी 2013 से जनवरी 2026 तक वृक्ष पातन की अनुमति लेने वाले ऐसे व्यक्ति, जिन्होंने निर्धारित शर्तों के अनुसार एक पेड़ के बदले दस पेड़ लगाए हैं, वे अपनी जमा राष्ट्रीय बचत पत्र (एनएससी) की जमानत राशि अवमुक्त कराने के लिए 14 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए वृक्षारोपण से संबंधित साक्ष्य प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी, वन एवं वन्यजीव प्रभाग ने बताया कि निर्धारित अवधि में जारी वृक्ष पातन अनुमतियों के सापेक्ष जमानत के रूप में एनएससी जमा कराए गए थे। जिन लोगों ने अनुमति की शर्तों के अनुसार वृक्षारोपण किया है, वे संबंधित साक्ष्यों के साथ अपना दावा कार्यालय प्रभागीय वनाधिकारी वन प्रभाग में निर्धारित तिथि तक जमा कर दें। प्राप्त दावों का अभिलेखों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि तक दावा प्रस्तुत नहीं करने पर यह माना जाएगा कि संबंधित व्यक्ति ने अनुमति की शर्तों के अनुसार वृक्षारोपण नहीं किया है। ऐसी स्थिति में जमानत राशि जब्त कर उससे आगामी वर्षाकाल में वृक्षारोपण कराया जाएगा। वन विभाग ने संबंधित लोगों से समय सीमा के भीतर आवश्यक अभिलेखों सहित दावा प्रस्तुत करने की अपील की है। —————————- ——– बाइस दिन पूर्व घायल बाइक सवार की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। विगत बाइस दिन पूर्व अनियंत्रित होकर बाइक कुत्तो के झुण्ड में टकरा जाने से घायल हुए 45 वर्षीय अधेड़ की कानपुर से घर लाते समय रास्ते में मौत हो गई। बताते चलें कि मलवां थाना क्षेत्र के बुधइयापुर गांव निवासी राम सिंह लोधी का पुत्र जय सिंह आठ अक्टूबर को रिश्तेदारी से घर वापस आ रहा था, तभी थाना क्षेत्र के काका ढाबा के समीप सर्विस लेन में अनियंत्रित होकर बाइक कुत्तो के झुण्ड से टकरा गई और गिर गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। सदर अस्पताल से उसे उपचार के लिए कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया था। बुधवार की शाम घर लाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाबत जानकारी मृतक के पुत्र मोहित ने दी है। ———————————– —- महिला ने फांसी लगाकर दी जान एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भवनापुर मजरे गढ़ा में पति द्वारा त्योहार में पैसा न देने से क्षुब्ध 35 वर्षीय महिला ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार भवनापुर मजरे गढ़ा गांव निवासी सुरेन्द्र की पत्नी आरती देवी ने बुधवार की देर शाम घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के पति सुरेन्द्र ने बताया कि वह त्योहार का पैसा मांग रही थी। जिस पर उसने दो दिन बाद पैसा देने की बात कही। इसी बात से क्षुब्ध होकर उसने घटना को अंजाम दे डाला। मृतका के भाई राजू निवासी संतपुर थाना धाता ने जीजा पर कोई आरोप नहीं लगाया है। ———————————— —— अलग-अलग सड़क हादसों में आधा दर्जन घायल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अंतर्गत हुए सड़क हादसों के दौरान लगभग आधा दर्जन लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार बिहार प्रांत के जिला वैशाली थाना पातेपुर गांव टेकनारी निवासी इंताफ अहमद का पुत्र परवेज अहमद हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बेरागढ़ीवा के समीप टायर की दुकान खोले है। बताते हैं कि सुबह अपने मित्र सवर्ण कुमार पुत्र महेश प्रसाद निवासी बेरागढ़ीवा के साथ बाइक से शहर आ रहा था। जैसे ही ये लोग बेरागढ़ीवा से कुछ दूर पहुंचे तभी पीछे से आ रही चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया जिससे दोनों घायल हो गए। इसी प्रकार गाजीपुर थाना क्षेत्र के बड़ागांव मछरिया निवासी रामनरेश का 18 वर्षीय पुत्र नागेन्द्र अपने पुत्र दुर्गेश पुत्र रामपाल के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जा रहा था तभी चकसकरनपुर के समीप सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई। जिससे दोनों घायल हो गए। इसी तरह ललौली थाना क्षेत्र के सिधांव गांव निवासी स्व0 तुलवा का 90 वर्षीय पुत्र कल्लू गुरूवार की सुबह ई-रिक्शा में बैठकर खजुहा से घर वापस आ रहा था तभी जोनिहां के समीप अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा पलट जाने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।