तीन मंदिरों में मूर्तियां तोड़ने वाला आरोपी गिरफ्तार

  तीन मंदिरों में मूर्तियां तोड़ने वाला आरोपी गिरफ्तार
– नई इमारत में मजदूरी मिलने की थी उम्मीद
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बिंदकी थाना क्षेत्र के बेहटा गांव में तीन मंदिरों की मूर्तियां क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना से हड़कंप मच गया। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर गांव के ही मनोज को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने मूर्तियां क्षतिग्रस्त करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि उसे उम्मीद थी कि मूर्तियां टूटने के बाद मंदिरों का दोबारा निर्माण कराया जाएगा, जिसमें उसे मजदूरी मिल सकेगी और उससे मिलने वाले पैसों से वह अपना इलाज करा सकेगा। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी है और मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। मामले में पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। गुरुवार को सुबह करीब सात बजे यूपी-112 के माध्यम से सूचना मिली कि बेहटा गांव में तीन मंदिरों की मूर्तियों को किसी अज्ञात व्यक्ति ने क्षतिग्रस्त कर दिया है। सूचना पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। इस संबंध में दयाशंकर की तहरीर पर थाना बिंदकी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने गांव के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। जांच के दौरान गांव के ही मनोज की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो घटना के पीछे मंदिरों के दोबारा निर्माण में मजदूरी मिलने की उम्मीद की बात सामने आई। आरोपी के मुताबिक उसे लगा था कि मूर्तियां क्षतिग्रस्त होने के बाद मंदिरों का निर्माण कराया जाएगा और उसे काम मिल जाएगा। इससे वह अपने इलाज के लिए पैसे जुटा सकेगा। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। आसपास के लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। आरोपी को हिरासत में लेकर मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
————————————— 
   तीन नवंबर को लगेगा वृहद रोजगार मेला
– चालीस से अधिक कंपनियां देंगी नौकरी का अवसर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तीन नवंबर को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित इस मेले में चालीस से अधिक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय, प्रदेश और जनपद स्तरीय कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। मेले में एयरटेल, वोडाफोन, फ्लिपकार्ट, जोमैटो वेयरहाउस, पेटीएम, मिंडा, सिद्धि इंफोनेट, अमेजन, बजाज मोटर्स और जी-4एस सिक्योर सॉल्यूशंस सहित कई कंपनियों के माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। रोजगार मेले का आयोजन सुबह दस बजे से होगा। जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी की अनुमति से इस रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थियों का रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी पंजीकरण और रोजगार मेले से संबंधित जानकारी के लिए किसी भी कार्यदिवस में जिला सेवायोजन कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा कार्यालय के दूरभाष नंबर 05180-298602 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *