मैट्रिमोनियल साइट्स के जरिए ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा, तीन गिरफ्तार
मैट्रिमोनियल साइट्स के जरिए ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा, तीन गिरफ्तार
जालौन में मैट्रिमोनियल साइट्स के जरिए ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा, तीन गिरफ्तार
Shaadi.com और Jeevansathi.com पर शादी का झांसा देकर युवतियों से करते थे ठगी, बीमारी और इलाज के नाम पर ऐंठते थे रकम
दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ जालौन। शादी के नाम पर युवतियों को अपने जाल में फंसाकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का साइबर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी वांछित बताया जा रहा है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य मैट्रिमोनियल वेबसाइट Shaadi.com और Jeevansathi.com के जरिए युवतियों से संपर्क कर पहले उनका विश्वास जीतते थे और फिर शादी का भरोसा देकर ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवतियों से बातचीत के दौरान खुद को भरोसेमंद दिखाते थे।
धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ाने के बाद माता-पिता की बीमारी, दुर्घटना और इलाज में पैसों की जरूरत का बहाना बनाकर ऑनलाइन रकम मंगवाते थे। जब पीड़िताएं पैसे वापस मांगती थीं, तो आरोपी उनके मोबाइल नंबर ब्लॉक कर संपर्क तोड़ देते थे। मामले की जांच के दौरान साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, सात एटीएम कार्ड और डॉक्टरों के पर्चे बरामद किए हैं। बरामद सामग्री की जांच कर पुलिस गिरोह के काम करने के तरीके और अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, NCRP पोर्टल पर इस गिरोह से जुड़े मामलों में 8.04 लाख रुपये से अधिक की ठगी की शिकायतों का उल्लेख है।
इसके अलावा झांसी और दतिया में करीब 66 लाख रुपये के फ्रॉड का भी जिक्र सामने आया है। इन मामलों के आपसी संबंध और ठगी की कुल रकम की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस के अनुसार, मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। साइबर पुलिस डिजिटल साक्ष्यों, बैंक खातों और बरामद मोबाइल फोन व सिम कार्ड की जांच कर रही है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी से जुड़े संभावित मामलों का पता लगाया जा सके। साइबर ठगी से बचाव की अपील: पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मैट्रिमोनियल वेबसाइटों पर किसी अनजान व्यक्ति से संपर्क होने पर उसकी पहचान और जानकारी की पुष्टि जरूर करें। बीमारी, दुर्घटना या अन्य किसी आपात स्थिति का हवाला देकर पैसे मांगने पर बिना सत्यापन के रकम न भेजें। किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।