खेत में चल रही थी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री, DRI-ATS की छापेमारी में,बरामद

  खेत में चल रही थी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री, DRI-ATS की छापेमारी में 5 करोड़ की मेफेड्रोन बरामद

जालौन के उरई में संयुक्त कार्रवाई से अवैध ड्रग्स लैब का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; दिल्ली और मुंबई तक नशे की सप्लाई किए जाने की जानकारी

दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ जालौन। जनपद के उरई क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार का बड़ा मामला सामने आया है। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) और एटीएस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर खेत में संचालित मेफेड्रोन ड्रग्स बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान मौके से करीब पांच करोड़ रुपये कीमत की मेफेड्रोन ड्रग्स बरामद होने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, खेत में गुप्त रूप से संचालित इस लैब में बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थ तैयार किए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि महज तीन दिनों में करीब 20 किलोग्राम मेफेड्रोन तैयार की जाती थी। तैयार ड्रग्स की खेप उरई से दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों तक पहुंचाई जाती थी। इसकी अवैध बाजार में कीमत लगभग 30 लाख रुपये प्रति किलोग्राम बताई जा रही है। संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान मौके से संतोष और हेमेंद्र कुशवाहा नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियां अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों, ड्रग्स की सप्लाई चेन और नेटवर्क के आर्थिक लेनदेन की जानकारी जुटाने में लगी हैं। उरई के ग्रामीण क्षेत्र में खेत के अंदर अवैध ड्रग्स लैब संचालित होने की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। जांच एजेंसियों की आगे की कार्रवाई में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम और कारोबार के दायरे को लेकर अहम खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *