आंगनबाड़ी केंद्र में बाल संवेदी कॉर्नर व पार्क का शुभारंभ
आंगनबाड़ी केंद्र में बाल संवेदी कॉर्नर व पार्क का शुभारंभ
आंगनबाड़ी केंद्र में बाल संवेदी कॉर्नर व पार्क का शुभारंभ
– खेल-खेल में सीखेंगे नौनिहाल, एक हजार दिनों में बच्चों के सर्वांगीण विकास की होगी मजबूत नींव एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। विकास खंड ऐरायां के ग्राम धनकामई स्थित नवनिर्मित लाइट हाउस आंगनबाड़ी केंद्र में बाल संवेदी कॉर्नर एवं बाल संवेदी पार्क का उद्घाटन किया गया। इस पहल का उद्देश्य दो वर्ष तक के बच्चों को खेल, संवाद व रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सीखने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। साथ ही अभिभावकों को बच्चों के शुरुआती विकास में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना है।
जनपद में वर्ष 2022 से संचालित जीवन के प्रथम एक हजार दिवस कार्यक्रम के दूसरे चरण के तहत विकसित इस पहल का उद्घाटन बाल विकास परियोजना अधिकारी ऐरायां आशीष पांडेय एवं माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य रामदेव ने संयुक्त रूप से किया। जिला प्रशासन के सहयोग से वैन लियर फाउंडेशन व विक्रमशिला एजुकेशन रिसोर्स सोसायटी ने इसे तकनीकी सहयोग से तैयार किया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीडीपीओ आशीष पांडेय ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पौष्टिक भोजन, टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाओं के साथ प्यार, सुरक्षा और संवेदनशील देखभाल भी बेहद जरूरी है। बच्चों को स्वतंत्र रूप से खेलने, देखने, सुनने, खोजने व सीखने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। बाल संवेदी कॉर्नर इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण व स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित न रहकर बच्चों के शुरुआती सीखने और पारिवारिक सहभागिता का केंद्र बनेंगे। उन्होंने कहा कि जीवन के शुरुआती एक हजार दिन बच्चे के भविष्य की नींव तैयार करते हैं। इस दौरान परिवार के सदस्यों का संवाद, खेल व सकारात्मक व्यवहार बच्चे के मानसिक एवं शारीरिक विकास में अहम भूमिका निभाता है। इस मौके पर वैन लियर फाउंडेशन के वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक अनुभव गर्ग, विक्रमशिला के डिप्टी टीम लीड अजय लावरे, परियोजना सहायक शिवम कुमार, महिला पर्यवेक्षक सुधा देवी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री उर्मिला देवी, एएनएम नूतन, आशा कार्यकर्ता शकुंतला देवी, ग्राम प्रधान कमलेश देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, अभिभावक व ग्रामवासी मौजूद रहे।